घर में घुसकर मारपीट करने व एक व्यक्ति का अपहरण करने के मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार

विशेष संवाददाता चिमन लाल

बहादुरगढ़,

हरियाणा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ट्रेक डाउन अभियान” के तहत डीजीपी हरियाणा ओपी सिंह के दिशा निर्देशन और पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के कुशल नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सदर बहादुरगढ़ पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर में घुसकर मारपीट करने और एक व्यक्ति का जबरन अपहरण करने के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू निवासी लोवा खुर्द, पवन निवासी अलीपुर (गुरुग्राम), राहुल निवासी गालिबपुर (नजफगढ़, दिल्ली), धर्मवीर और रामनिवास निवासी लोवा खुर्द के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयोग डंडा और गाड़ी भी बरामद की है। मामले की जानकारी देते हुए थाना सदर बहादुरगढ़ प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि वीरेंद्र निवासी लोवा खुर्द ने पुलिस में शिकायत दी थी कि कुछ व्यक्ति उसके घर में जबरन घुस आए और उसके भाई के साथ मारपीट कर जबरदस्ती गाड़ी में बैठाकर ले गए। शिकायत मिलने पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी। सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि झगड़े की जड़ पैसों का लेनदेन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *