विशेष संवाददाता चिमन लाल
अपने पिता की 17वीं पुण्यतिथि पर किया रक्तदान शिविर का आयोजन, विद्यार्थियों को किया सम्मानितत
झज्जर/भिवानी
झज्जर जिले की पुलिस कमिश्नर एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डॉ. राजश्री सिंह जब अपने पैतृक गांव बड़दू चैना पहुंचीं तो गांव के गणमान्य व्यक्तियों, बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने पुष्प-गुच्छ भेंट करते हुए तथा स्मृति चिह्न (मोमेंटो) देकर उनका सम्मान किया। माहौल भावनाओं और अपनत्व से भरा हुआ था, जहां लोगों ने अपनी लोकप्रिय और प्रशंसित अधिकारी का गर्व से स्वागत किया। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह अपने पिता स्वर्गीय श्री जयलाल कुरलवाल की 17वीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में गांव पहुंचीं, जहां उन्होंने उनकी स्मृति में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन करवाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। शिविर में पहुंचे लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “रक्तदान एक महान दान है जो किसी अनजान व्यक्ति की जान बचाने का माध्यम बनता है। कुछ क्षणों का दिया गया रक्त किसी परिवार के लिए जीवनदान साबित हो सकता है।” उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे नियमित रूप से रक्तदान कर सामाजिक सद्भाव और मानवता की भावना को आगे बढ़ाएं।शिविर में रक्तदान करने वाले सभी व्यक्तियों को डॉ. राजश्री सिंह ने स्वयं मोमेंटो और कंबल देकर सम्मानित किया। यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा का स्रोत बना और लोगों में सामाजिक सेवा की भावना और अधिक मजबूत हुई।इस दौरान उन्होंने मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। स्कूल में 10वीं और 12वीं कक्षाओं में पहला, दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उन्होंने नकद पुरस्कार और प्रोत्साहन स्वरूप शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी अपार प्रतिभा रखते हैं और उन्हें सिर्फ सही मार्गदर्शन व प्रोत्साहन की आवश्यकता होती है।
उन्होंने छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि “शिक्षा ही वह माध्यम है जो जीवन को नई दिशा देती है। कठिन परिश्रम और अनुशासन के साथ पढ़ाई करें, सफलता आपका साथ अवश्य देगी।गांव बड़दू चैना में आयोजित कार्यक्रम न केवल एक यादगार क्षण था बल्कि सामाजिक सरोकार, मानवता और शिक्षा को बढ़ावा देने का सुंदर उदाहरण भी रहा। गांव के बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं ने कहा कि डॉ. राजश्री सिंह का गांव के प्रति यह लगाव और सेवा भावना सभी के लिए प्रेरणादायक है। उनके द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर, कंबल वितरण और छात्र सम्मान कार्यक्रम ने पूरे गांव के माहौल में सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया। इस दौरान रोहतास सरपंच,किशनलाल नंबरदार, सुरेंद्र मास्टर जी,दलवीर हेड मास्टर, संदीप काजल, राकेश संगवान, नरेश सोनी, निखिल कुमार, चाचा जयप्रकाश कुरूलवाल ,भीम सिंह, इंदर सिंह सहित भारी संख्या में व्यक्ति मौजूद रहे