दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध इंटरनेशनल कॉल सेंटरों का भंडाफोड़, 23 गिरफ्तार

नई दिल्ली, 18 सितंबर 2026।

पश्चिमी जिला पुलिस ने साइबर ठगी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर बड़ा शिकंजा कसा है। पुलिस ने एक साथ तीन ठिकानों पर छापेमारी कर अवैध इंटरनेशनल कॉल सेंटर चलाने वाले 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह अमेरिका, कनाडा और यूरोपीय देशों के नागरिकों को Apple और Microsoft टेक्निकल सपोर्ट के नाम पर ठगता था।

पुलिस उपायुक्त, पश्चिमी जिला हरीश्वर वी. स्वामी (IPS) ने बताया कि गुप्त सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर साइबर थाने और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीमों ने यह कार्रवाई की है।

तीन इलाकों में एक साथ छापेमारी

17 सितंबर 2026 को पुलिस टीमों ने मीनाक्षी गार्डन, अजय एन्क्लेव और कीर्ति नगर में एक साथ छापे मारे। मौके पर अवैध कॉल सेंटर चलते मिले, जहां आरोपी इंटरनेट कॉलिंग एप के जरिए खुद को Apple/iOS और Microsoft का कस्टमर केयर अधिकारी बताकर विदेशी नागरिकों से बात कर रहे थे।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 2 लग्जरी कारें (Thar और Grand Vitara), 27 लैपटॉप, 28 मोबाइल फोन, 11 राउटर, 36 हेडफोन, 25 एडॉप्टर और 79,200 रुपये नकद बरामद किए हैं।

जांच में Google Voice, X-Lite, EyeBeam, MicroSIP और UltraViewer जैसे सॉफ्टवेयर मिले हैं, जिनका इस्तेमाल इंटरनेट कॉलिंग और रिमोट एक्सेस के लिए किया जा रहा था। लैपटॉप और मोबाइल से विदेशी नंबरों की लिस्ट, कॉल हिस्ट्री, पीड़ितों की जानकारी, पेमेंट स्क्रीनशॉट और व्हाट्सएप चैट भी मिली हैं।

ऐसे ठगते थे विदेशी नागरिकों को

जांच में सामने आया है कि आरोपी रिहायशी मकानों को वर्कस्टेशन में बदलकर यह धंधा चला रहे थे।
पहले फर्जी पॉप-अप या मैसेज भेजा जाता था कि आपका Apple अकाउंट हैक हो गया है या अनधिकृत खरीद हुई है।
पीड़ित के द्वारा दिए गए टोल-फ्री नंबर पर कॉल करने पर भारत में बैठे टेलीकॉलर उसे अपने जाल में फंसाते थे।
फिर कॉल को सीनियर अधिकारी या “बैंकर” बनकर बात करने वाले के पास ट्रांसफर किया जाता था।
समस्या ठीक करने के नाम पर 149 डॉलर, 249 डॉलर या 499 डॉलर की मांग की जाती थी।
पीड़ितों से Apple गिफ्ट कार्ड या Zelle के जरिए पेमेंट करवाई जाती थी और बाद में इस रकम को नेटवर्क के जरिए बांट लिया जाता था।
गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों में कॉल सेंटर के मालिक, मैनेजर, बैंकर और टेलीकॉलर शामिल हैं। मुख्य आरोपियों में सौरभ शर्मा (36) – ऑर्गनाइजर, सरनजीत सिंह उर्फ जैरी (31) और तरनजीत सिंह उर्फ जैज (34) – कॉल सेंटर मालिक, गुरविंदर सिंह उर्फ हैरी (34) – मेन हेड शामिल हैं। इनके अलावा नवजोत सिंह, सोनित कपूर उर्फ जेम्स (मैनेजर), मनमोहन उर्फ मैडी (बैंकर) सहित 23 लोगों को पकड़ा गया है।

पुलिस डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है और नेटवर्क के पूरे पदानुक्रम का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *