कैंसर रोग को लेकर डीसी ने आमजन से किया सीधा संवाद, निरंतर जागरूकता और व्यवहार में बदलाव की जरूरत

विशेष संवाददाता चिमन लाल

डीसी सचिन गुप्ता ने कैंसर जागरूकता वॉकथॉन को दिखाई हरी झंडी

रोहतक,

कैंसर की रोकथाम के प्रति जागरूकता बढ़ाने, समय पर जांच और उचित चिकित्सा को लेकर रविवार सुबह देवी लाल पार्क से पॉजिट्रॉन अस्पताल, सेक्टर-35, सनसिटी, रोहतक तक कैंसर जागरूकता वॉकथॉन का आयोजन किया गया। इस वॉकथॉन को उपायुक्त सचिन गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं भी प्रतिभागियों के साथ पैदल चलकर नागरिकों से संवाद किया और उन्हें स्वस्थ एवं निवारक जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कैंसर आज भी एक गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती बना हुआ है। यह केवल एक चिकित्सीय समस्या ही नहीं, बल्कि एक सामाजिक समस्या भी है, जिसके लिए निरंतर जागरूकता और व्यवहार में बदलाव की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नियमित जांच के माध्यम से शीघ्र निदान, समय पर चिकित्सकीय परामर्श तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर कैंसर से होने वाली मृत्यु दर को काफी हद तक कम किया जा सकता है और उपचार के बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए पॉजिट्रॉन अस्पताल की सराहना करते हुए कहा कि अस्पताल ने सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने में सराहनीय भूमिका निभाई है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने के लिए सामुदायिक सहभागिता और सामूहिक जिम्मेदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने परिवारों, कार्यस्थलों और पड़ोस में कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाएं, क्योंकि जागरूक समाज ही समय पर जांच सुनिश्चित कर सकता है। कैंसर के उन्नत चरण में उपचार से जुड़ी शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक परेशानियों को कम कर सकता है। इस वॉकथॉन में डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों तथा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को कैंसर की रोकथाम, जीवनशैली में सुधार, जोखिम कारकों तथा प्रारंभिक जांच के महत्व से संबंधित जानकारी भी दी गई। जिला प्रशासन रोहतक ने निवारक स्वास्थ्य सेवाओं, जनस्वास्थ्य जागरूकता तथा सामुदायिक स्वास्थ्य पहलों को बढ़ावा देने वाले ऐसे आयोजनों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई, जिनका उद्देश्य एक स्वस्थ और जागरूक समाज का निर्माण करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *