ज्वेलरी शोरूम डकैती मामला: चोरी का माल खरीदने वाला एक और आरोपी गिरफ्तार

विशेष संवाददाता चिमन लाल

19.50 लाख की नगदी व सौ ग्राम चांदी बरामद

बहादुरगढ़:

ज्वेलरी शोरूम डकैती मामले में झज्जर पुलिस को लगातार अहम सफलताएं मिल रही हैं। इसी कड़ी में पहले से गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पुलिस रिमांड के दौरान की गई गहन पूछताछ के आधार पर चोरी किए गए आभूषण खरीदने वाले एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एंटी व्हीकल थैफ्ट (एवीटी) प्रभारी उप निरीक्षक(P/SI)जितेंद्र कुमार ने बताया कि रिमांड अवधि के दौरान मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने कुलदीप निवासी उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है। आरोपी कुलदीप ने बहादुरगढ़ स्थित कोमल ज्वेलर्स में हुई डकैती के दौरान चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण खरीदे थे। आरोपी के कब्जे से 15 लाख रुपये की नगद राशि बरामद की गई है, जिससे मामले में पुलिस के साक्ष्य और अधिक मजबूत हुए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी कुलदीप सुनार की दुकान चलाता है। उसने डकैती के बाद आरोपियों से चोरी के आभूषण खरीदे और उन्हें आगे बेच दिया बदले में मिली रकम वह आरोपियों को देने वाला था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूरे गिरोह को दबोच लिया। इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए तीन आरोपी परमजीत और जसविंदर निवासी झंगोला, दिल्ली तथा राज सिंह निवासी नांगलोई, दिल्ली को 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी परमजीत से दो लाख रुपए, जसविंदर से एक लाख रुपए, राज सिंह से एक लाख रुपए, सोनू जो पहले ही जेल भेज दिया गया है से पचास हजार रुपए व सौ ग्राम चांदी तथा कुलदीप से 15 लाख रुपए बरामद किए। रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद चारों आरोपियों को अदालत बहादुरगढ़ में पेश किया गया। माननीय अदालत के आदेश अनुसार कुलदीप व परमजीत को न्यायिक हिरासत भेज दिया गया तथा जसविंदर व राज सिंह को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *