दिल्ली में टीएमसी का डेलिगेशन चुनाव आयोग से मिल आया, पर विवादों की लिस्ट लंबी होती गई. दोनों तरफ से नोकझोंक हुई. दरअसल, चुनाव से पहले SIR अभियान (विशेष गहन पुनरीक्षण) में राज्य के 91 लाख वोटरों के नाम काटे जाने से ममता गुस्से में हैं।ममता बनर्जी ने भवानीपुर सीट से नामांकन तो कर दिया, लेकिन पूरी पार्टी में खलबली मची हुई है। उन्होंने फिर से सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कही है. अब पता चल रहा है कि इस ‘सफाई अभियान’ में ममता की अपनी सीट भी फंस गई है।
बंगाल में भवानीपुर एक हाई-प्रोफाइल सीट है। यहां बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मुकाबला भाजपा के ‘धुरंधर’ सुवेंदु अधिकारी से है. रिपोर्टों में दावा किया जा रहा है कि वोटर लिस्ट अपडेट होने के बाद ममता की सीट पर करीब 25 प्रतिशत वोटर कम हो गए हैं. यह आंकड़ा 51,000 है, जो किसी भी विधानसभा चुनाव में गेम पलटने की ताकत रखता है।
असल में, जिन 51,004 वोटरों के नाम काटे गए हैं, उनमें करीब 23 प्रतिशत मुस्लिम और 77 प्रतिशत गैर-मुस्लिम हैं. SIR की प्रक्रिया शुरू होने से पहले भवानीपुर में 2 लाख 6 हजार 295 वोटर थे. इसके बाद –
1. पहले चरण में वहां से चले गए, मृत पाए गए, अनुपस्थित मिले, डुप्लीकेट नाम आदि श्रेणियों के तहत 44,000 से ज्यादा नाम हटा दिए गए.
2. दूसरे चरण में 2300 से ज्यादा नाम डिलीट किए गए, जबकि 18 वोटरों के नाम जोड़े गए.
3. यही नहीं, 14 हजार से ज्यादा मतदाता ऐसे थे, जिन्हें जांच के दायरे में रखा गया था. इसमें से 10 हजार से ज्यादा वोटरों को बाद में बहाल कर दिया गया. हालांकि, 3875 नाम काट दिए गए. इसमें करीब 40 फीसदी मुस्लिम थे.
नंदीग्राम सीट हारने के बाद पिछले विधानसभा चुनाव में ममता ने भवानीपुर सीट से उपचुनाव लड़ा था. उन्हें 85,000 वोट मिले. भाजपा कैंडिडेट को 26,000 और सीपीआई(एम) को 4,000 लोगों ने वोट किया. इस बार अगर 25 प्रतिशत वोटर हट जाते हैं और उसमें मुस्लिमों की बड़ी संख्या है, तो ममता की सीट फंस सकती है. बंगाल में मुस्लिम टीएमसी के पारंपरिक वोटर रहे हैं।
हां, ममता को घेरने के लिए गृह मंत्री अमित शाह खुद सुवेंदु अधिकारी के नामांकन से पहले आयोजित रोड शो में शामिल हुए. उन्होंने लोगों से कहा कि हम 170 सीटों के लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं, लेकिन इसका एक शॉर्टकट है. अगर भवानीपुर के वोटर यहां जीत पक्की कर दें, तो पूरे बंगाल में सत्ता पलट जाएगी।
पहली बार ममता के मुस्लिम वोटबैंक पर चोट की जा रही है. उनके ही करीबी रहे हुमायूं कबीर ‘बाबरी’ का नाम लेकर सुर्खियों में आए और उनका हाथ मजबूत करने के लिए ओवैसी आ गए. बंगाल की करीब 30 प्रतिशत मुस्लिम आबादी को लुभाने की पूरी कोशिश की जा रही है. मालदा, मुर्शिदाबाद, उत्तर दिनाजपुर जैसे मुस्लिम बहुल जिलों में अगर मुस्लिम वोट बंटता है, तो इसका लाभ सीधे तौर पर भाजपा को हो सकता है. उधर, एसआईआर से टीएमसी का वोटबैंक घटा है. यही वजह है कि ममता का गुस्सा सातवें आसमान पर है. वैसे भी, मुस्लिम बहुल जिलों में ज्यादा नाम काटे गए हैं. टीएमसी के नेताओं की धड़कनें बढ़ी हुई हैं।