दिल्ली नगर निगम में महापौर और उप महापौर, सदस्य स्थायी समिति पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी

दिल्ली नगर निगम के महापौर पद के लिए भारतीय जनता पार्टी ने रोहिणी ई (वार्ड-53) से पार्षद प्रवेश वाही को मैदान में उतारा है। वहीं उप महापौर पद के लिए आनंद विहार (वार्ड-206) से पार्षद मोनिका पंत को उम्मीदवार बनाया गया है। साथ ही वार्ड 82 पहाड़ गंज निगम पार्षद मनीष चड्ढा को सदस्य स्थाई समिति को नामांकित किया है। कांग्रेस ने भी मुकाबले में अपनी मौजूदगी दर्ज कराते हुए महापौर पद के लिए वार्ड-234 से पार्षद जरीफ और उप महापौर पद के लिए वार्ड-39 से पार्षद राजेश कुमार गुप्ता को उम्मीदवार घोषित किया है। लेकिन उनकी जीत की गुंजाइश नाम मात्र है, उन्होंने विगत वर्ष में भी नामांकन दाखिल किया था, लेकिन भाजपा प्रत्याशी की ही जीत सुनिश्चित हुई। खास बात यह रही कि आम आदमी पार्टी ने दोनों प्रमुख पदों के लिए नामांकन दाखिल नहीं किया। अब सभी की नजरें 29 अप्रैल 2026 को होने वाली एमसीडी की साधारण सभा की बैठक पर टिकी हैं, जहां महापौर और उप महापौर का चुनाव होगा। मौजूदा समीकरणों को देखते हुए चुनाव दिलचस्प होने के साथ-साथ कई राजनीतिक संदेश भी देने वाला माना जा रहा है।

नामांकन के दौरान सिविक सेंटर स्थित निगम सचिव कार्यालय में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। इस मौके पर मौजूदा महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह, स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा सहित कई पार्षद और पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके साथ ही स्थायी समिति के रिक्त पदों के लिए भी नामांकन दाखिल किए गए, जिनमें भाजपा की ओर से बेगमपुर (वार्ड-27) से जय भगवान यादव और वार्ड-82 से मनीष चड्ढा ने पर्चा भरा, जबकि आम आदमी पार्टी की ओर से वार्ड-55 से जलज कुमार ने स्थायी समिति के लिए नामांकन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *