सांसद कमलजीत सहरावत ने विधायक कैलाश गंगवाल के साथ किया मादीपुर की ऐतिहासिक पक्की चौपाल के नवनिर्माण का शुभारंभ

वरिष्ठ संवाददाता

नई दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के मादीपुर गांव में स्थित ऐतिहासिक पक्की चौपाल के एक हिस्से के नवनिर्माण कार्य का शुभारंभ सोमवार को विधिवत रूप से किया गया। इस अवसर पर कमलजीत सहरावत, कैलाश गंगवाल और निगम पार्षद उर्मिला गंगवाल ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में पश्चिमी दिल्ली भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्र पाल बक्शी और मादीपुर मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस मौके पर मादीपुर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और चौपाल समिति की ओर से जनप्रतिनिधियों का भव्य स्वागत किया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष रोहित यादव, महासचिव अशोक कुमार “निर्भय”, सदस्य राहुल प्रजापति तथा चौपाल कमेटी के अध्यक्ष महेश यादव और कोषाध्यक्ष हरिओम यादव ने गांव की ओर से सभी अतिथियों को पगड़ी पहनाकर, पुष्पगुच्छ भेंट कर और अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया। स्थानीय लोगों ने चौपाल के नवीनीकरण के लिए बजट स्वीकृत कराने और कार्य शुरू करवाने पर जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि गांव की प्राचीन धरोहर को संरक्षित रखते हुए उसका विकास करना अत्यंत सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि चौपाल केवल एक भवन नहीं बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन का केंद्र होती है, इसलिए इसके संरक्षण और रखरखाव के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में भाजपा सरकार बनने के बाद विकास कार्यों को तेजी मिली है और आने वाले समय में भी इसी गति से काम जारी रहेगा।

विधायक कैलाश गंगवाल ने अपने संबोधन में कहा कि उनका लक्ष्य है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि चौपाल के नवनिर्माण से गांव के सामाजिक ताने-बाने को मजबूती मिलेगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। वहीं जिलाध्यक्ष चंद्र पाल बक्शी ने मादीपुर गांव के लोगों की विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी और सामाजिक एकता की सराहना की।

मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने सांसद और विधायक को हमेशा जनता के हितों को प्राथमिकता देते हुए देखा है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का नेतृत्व ही विकास कार्यों को गति देने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और यह उनका सौभाग्य है कि वे ऐसे नेतृत्व में कार्य कर रहे हैं।

इस कार्यक्रम में मादीपुर गांव के सुनील शर्मा, राजीव शर्मा, रघुबीर सिंह प्रजापति, राकेश बेनीवाल, राकेश चौहान, आकाश सोनकर, नरेंद्र अटल, भाजपा नेता धर्मबीर ठगेला, मंजीत यादव, मनीष यादव, राजेंद्र राजोरिया, कमल यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष रमेश यादव, रमेश बागड़ी, हंसराज और संजीव यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला और ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि चौपाल के नवनिर्माण से गांव के विकास को नई दिशा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *