CM रेखा गुप्ता ने किया ऐलान:दिल्ली में 70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

दिल्ली सरकार CM रेखा गुप्ता की अगुवाई में जल्द एक पेड़ मां के नाम – दिल्ली मेगा वृक्षारोपण अभियान 2026 की शुरुआत करने जा रही है। इस अभियान का लक्ष्य दिल्लीभर में 70 लाख पौधे लगाना है।

CM रेखा गुप्ता ने बीते सोमवार दिल्ली सचिवालय में इसकी तैयारियों को लेकर आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की. बैठक में अभियान की रूपरेखा, जन-भागीदारी, डिजिटल प्लेटफॉर्म, वृक्षारोपण लक्ष्यों और विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर दिल्ली के पर्यावरण मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा और विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे. सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए एक पेड़ मां के नाम अभियान की भावना को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली में इसे व्यापक जन-अभियान का रूप दिया जाएगा।

CM रेखा गुप्ता के अनुसार अभियान का पहला चरण 22 जून को डिजिटल शुभारंभ के रूप में आयोजित किया जाएगा. इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा ई-फॉरेस्ट ग्रीन ड्राइव पोर्टल और अभियान का आधिकारिक वीडियो लॉन्च किया जाएगा. साथ ही पूरे शहर में डिजिटल और सोशल मीडिया आधारित जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत होगी. 22 जून से 4 जुलाई तक व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक और सामुदायिक समूहों के साथ संवाद स्थापित कर अभियान की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाएगी ताकि अधिकतम नागरिक इस अभियान से जुड़ सकें। वृक्षारोपण अभियान जुलाई के पहले हफ्ते में पीबीजी ग्राउंड, सेंट्रल रिज, साउथ सेंट्रल रिज और नानकपुरा रिज सहित दिल्ली रिज क्षेत्र के विभिन्न स्थलों पर पारिस्थितिकी-पुनर्स्थापन वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। इसी दिन लगभग 2.5 लाख पौधे लगाए जाएंगे और स्वयंसेवकों को फ्लैग-ऑफ कर जन-आंदोलन की शुरुआत की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *