भारत दर्शन पार्क में युवा संवाद : विजय गोयल ने मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं

अशोक कुमार निर्भय

नई दिल्ली। भारत दर्शन पार्क, पंजाबी बाग में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में गाँधी दर्शन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के साथ संवाद कर उन्हें देश के इतिहास, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में मादीपुर विधायक कैलाश गंगवाल, भाजपा पश्चिमी जिला अध्यक्ष चंद्रपाल बक्शी, मादीपुर मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव तथा पंजाबी बाग मंडल अध्यक्ष कमल तंवर भी उपस्थित रहे।
युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान विजय गोयल ने कहा कि भारत आज विश्व में तेजी से उभरती हुई शक्ति के रूप में अपनी पहचान बना रहा है और इस परिवर्तन में देश के युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से देश के गौरवशाली इतिहास को जानने, अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इतिहास केवल बीते समय का लेखा-जोखा नहीं है, बल्कि वर्तमान और भविष्य को दिशा देने वाली प्रेरणा भी है।
अपने संबोधन में विजय गोयल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान केंद्र सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस अवधि में देश ने आधारभूत संरचना, डिजिटल तकनीक, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सेवाओं और गरीब कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने जनधन योजना, स्वच्छ भारत अभियान, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों को देश के विकास की नई दिशा देने वाला बताया।

विजय गोयल ने युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारियों और सकारात्मक नागरिक भागीदारी के महत्व से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण का सपना तभी साकार होगा जब युवा जागरूक, शिक्षित और राष्ट्र के प्रति समर्पित होंगे। उन्होंने युवाओं को पढ़ने, शोध करने और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ जुड़कर काम करने की प्रेरणा दी।
मादीपुर विधायक कैलाश गंगवाल ने कहा कि आज का युवा देश की सबसे बड़ी ताकत है और उसकी ऊर्जा को सही दिशा देना समय की आवश्यकता है। भाजपा पश्चिमी जिला अध्यक्ष चंद्रपाल बक्शी ने कहा कि युवा वर्ग देश के भविष्य का नेतृत्व करेगा, इसलिए उन्हें राष्ट्रहित के मुद्दों के प्रति सजग रहना चाहिए। मादीपुर मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव और पंजाबी बाग मंडल अध्यक्ष कमल तंवर ने भी युवाओं को सामाजिक और राष्ट्रीय गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर रघुवीर नगर मंडल अध्यक्ष गौतम जैन का जन्मदिन भी उत्साहपूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्न रखे, जिनका नेताओं ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। संवादात्मक और प्रेरणादायक वातावरण में आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं के लिए ज्ञानवर्धक साबित हुआ, जिसमें इतिहास, विकास और राष्ट्र निर्माण के विभिन्न पहलुओं पर सार्थक चर्चा हुई। कार्यक्रम का समापन युवाओं को राष्ट्रहित में सक्रिय योगदान देने के आह्वान के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *