कांवड़ यात्रा-2026: सुरक्षित और सुचारू संचालन के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की उच्च स्तरीय बैठक

नई दिल्ली, 6 जुलाई: आगामी कांवड़ यात्रा-2026 के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। यात्रा के दौरान कांवड़ियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन और आम जनता को असुविधा से बचाने के लिए 3 जुलाई को एक उच्च स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में संयुक्त पुलिस आयुक्त, पूर्वी रेंज और संयुक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) के साथ जोन-I व जोन-II के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) मौजूद रहे। पूर्वी, शाहदरा और उत्तर-पूर्वी जिलों के पुलिस उपायुक्तों के अलावा दिल्ली के सभी ट्रैफिक रेंज के डीसीपी (ट्रैफिक) ने भी हिस्सा लिया। बागपत के पुलिस अधीक्षक सहित दिल्ली-एनसीआर से सटे सभी जिलों के वरिष्ठ ट्रैफिक अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

बैठक के मुख्य बिंदु

  1. समन्वित तैनाती: कांवड़ यात्रा के निर्धारित मार्गों पर पुलिस बल की संयुक्त तैनाती की समीक्षा की गई।
  2. . ट्रैफिक डायवर्जन: भारी और व्यावसायिक वाहनों के आवागमन पर नियंत्रण, अंतरराज्यीय बॉर्डर पॉइंट्स पर नियमन और पार्किंग व्यवस्था पर चर्चा हुई।
  3. . आपात व्यवस्था: भीड़ नियंत्रण, पीक ट्रैफिक और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आकस्मिक योजनाओं को परखा गया।
  4. . रियल टाइम सूचना: सभी एजेंसियों के बीच ऑपरेशनल जानकारी के तत्काल आदान-प्रदान पर जोर दिया गया।
  5. बॉर्डर पर विशेष फोकस
    बैठक में दिल्ली की सीमाओं पर एकरूप ट्रैफिक प्रबंधन योजना लागू करने पर विशेष जोर रहा। अधिकारियों ने कहा कि सीमावर्ती जिलों के साथ तालमेल से ही यात्रा के दौरान उभरने वाली किसी भी स्थिति पर तुरंत कार्रवाई संभव होगी।

संयुक्त पुलिस आयुक्त, पूर्वी रेंज ने कहा कि कांवड़ियों और आम जनता की सुरक्षा के लिए जिला पुलिस और ट्रैफिक इकाइयों के बीच निर्बाध समन्वय जरूरी है। वहीं संयुक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) ने सभी एजेंसियों से समय पर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करने और सूक्ष्म योजना बनाने को कहा, ताकि यात्रियों को कम से कम परेशानी हो।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सभी हितधारक एजेंसियों के साथ मिलकर कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की प्रतिबद्धता जताई है। लगातार संपर्क और प्रभावी संचार के जरिए पूरे यात्रा काल में समन्वित प्रवर्तन सुनिश्चित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *