नई दिल्ली, 19 जुलाई। मध्य जिले की डीबीजी रोड थाना पुलिस ने अंधी चोरी के बड़े मामले को सुलझाते हुए 20-22 लाख रुपये के रत्न चोरी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। चोरी गए 90 प्रतिशत रत्न बरामद कर लिए गए हैं और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा भी जब्त किया गया है।
रोहित राजवीर सिंह आईपीएस डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के अनुसार 15 जुलाई को जयपुर के एक रत्न व्यापारी ने शिकायत दी थी कि करोल बाग से दरियागंज जाते समय रानी झांसी रोड पर पेट्रोल पंप के पास ई-रिक्शा में उनका 9 पाउच रत्नों से भरा हैंडबैग चोरी हो गया। इस पर थाना डीबीजी रोड में FIR No. 264/26 धारा 303(2)/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
एसएचओ डीबीजी रोड और इंस्पेक्टर संदीप, इंचार्ज स्पेशल स्टाफ के नेतृत्व में SI विवेक सिंह, इंचार्ज चौकी सिधीपुरा की टीम ने CCTV फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और सूत्र की सूचना पर 17 जुलाई को धौला कुआं बस स्टॉप के पास से दोनों आरोपियों विक्की सोलंकी (19) और अनीता उर्फ अन्नू (26), निवासी रघुबीर नगर को दबोच लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी कबूल की। इनकी निशानदेही पर 760 कैरेट पिंक स्टोन, 580 कैरेट चेरी स्टोन, 68 कैरेट बड़े चेरी स्टोन सहित भारी मात्रा में रत्न बरामद हुए।
दोनों फिलहाल पुलिस रिमांड पर हैं। शेष माल की बरामदगी के लिए जांच जारी है।