द्वारका जिले में साइबर फ्रॉड गैंग का भंडाफोड़, म्यूल बैंक खाते सप्लाई करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली, 23 जून 2026

द्वारका जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने साइबर ठगों को म्यूल बैंक अकाउंट उपलब्ध कराने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। टीम ने दिल्ली और बुलंदशहर, यूपी से 3 आरोपियों कपिल कुमार, 22 वर्ष, पूरु कुमार, 23 वर्ष, शिशुपाल, 22 वर्ष को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 2.19 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं, जबकि 2.06 लाख रुपये बैंक खाते में होल्ड कराए गए हैं।

8 राज्यों में 50 लाख से ज्यादा की ठगी
एनसीआरपी पोर्टल पर इन खातों के खिलाफ बिहार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल से 15 शिकायतें दर्ज हैं। इनमें 50 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी की गई थी।


डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह, आईपीएस के निर्देशन में स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर कमलेश कुमार की टीम ने कार्रवाई की। आरोपी बेरोजगार और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को नौकरी व कमीशन का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। फिर इन खातों को साइबर अपराधियों को कमीशन लेकर बेच देते थे। ठगी का पैसा इन्हीं खातों में आता था।


स्पेशल स्टाफ की टीम एसआई दिनेश कुमार, एएसआई विजय सिंह व अन्य ने उत्तम नगर स्थित हस्सल रोड पर सुनिल डेयरी के पास किराए के मकान में छापा मारकर कपिल कुमार को पकड़ा। उसके पास से 5 डेबिट कार्ड, 8 चेक बुक और 5 पासबुक मिलीं। पूछताछ में उसने शिशुपाल और पूरु कुमार का नाम बताया। इसके बाद दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूरु कुमार के खाते में 2.04 लाख रुपये होल्ड कराए गए हैं।


यह कार्रवाई उत्तम नगर थाने में दर्ज एफआईआर संख्या 259/26 दिनांक 16/06/26 के तहत की गई। पुलिस अब इन खातों का इस्तेमाल करने वाले मुख्य साइबर ठगों की पहचान करने में जुटी है। मामले की जांच जारी है।

डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि द्वारका जिले को अपराध मुक्त बनाने के लिए साइबर अपराधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *