दिल्ली में अवैध कोडीन सिरप का कारोबार बेनकाब: स्पेशल स्टाफ ने ड्रग पेडलर को पकड़ा, 32 बोतलें बरामद

नई दिल्ली: सेंट्रल जिले के स्पेशल स्टाफ ने “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कोडीन सिरप बेचने वाले एक ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से कोडीन फॉस्फेट युक्त कफ सिरप की 32 सीलबंद बोतलें बरामद की गई हैं।


संगठित अपराध और नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल स्टाफ, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट को दरियागंज इलाके में कोडीन आधारित कफ सिरप की अवैध बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी।

रोहित राजवीर सिंह आईपीएस डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के मुताबिक 24 जून 2026 को सूत्रों से जानकारी मिली कि कलां महल, दरियागंज स्थित हीरा मेडिकोज के मालिक अब्दुल कादिर बिना डॉक्टर के पर्चे के कोडी सिरप बेच रहा है। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने डिकॉय ऑपरेशन चलाया। ऑपरेशन के दौरान आरोपी ने डिकॉय ग्राहक को बिना किसी मेडिकल प्रिस्क्रिप्शन के कोडी सिरप की एक बोतल बेच दी, जिससे सूचना की पुष्टि हो गई।

इसके बाद टीम ने दुकान की तलाशी ली और पीले पॉलीथिन बैग में छिपाकर रखी गई कोडी सिरप की 32 सीलबंद बोतलें बरामद कीं। प्रत्येक बोतल 100 मिली की थी और उसमें कोडीन फॉस्फेट और ट्राइप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड था।

आरोपी बरामद सिरप के कब्जे और बिक्री को लेकर कोई वैध पर्चा, लाइसेंस या संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।

इस मामले में 25 जून 2026 को थाना चांदनी महल, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट, दिल्ली में एफआईआर नंबर 371/2026, धारा 22/25 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

संगठित अपराध और नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए इंस्पेक्टर संदीप यादव, प्रभारी स्पेशल स्टाफ के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। टीम में एसआई धर्मेंद्र, एचसी मुनेश, एचसी विकास, एचसी अनुज, एचसी दीपक, कॉन्स्टेबल सूरजपाल, कॉन्स्टेबल तरुण, कॉन्स्टेबल सुमित और कॉन्स्टेबल लोकेश शामिल थे। पूरा ऑपरेशन एसीपी/ऑपरेशंस, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट श्री पदम सिंह राणा की देखरेख में किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि वह पैसों के लालच में अवैध रूप से कोडीन फॉस्फेट युक्त कोडी सिरप बेच रहा था। उसके पास सिरप रखने और बेचने का कोई वैध लाइसेंस या डॉक्टर का पर्चा नहीं था।

पुलिस आरोपी के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। फिलहाल उपलब्ध जांच रिकॉर्ड में कोई पुराना मामला सामने नहीं आया है। ड्रग सप्लाई नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *