दिल्ली : नारायणा फ्लाईओवर ब्लाइंड हिट-एंड-रन केस: पुलिस ने सुलझाई गुत्थी, आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार

नई दिल्ली। थाना नारायणा पुलिस ने नारायणा फ्लाईओवर पर हुए ब्लाइंड घातक हिट-एंड-रन मामले को सुलझाते हुए आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान इनास खान (34), निवासी अलवर, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में शामिल ट्रक RJ40GB2658 को भी जब्त कर लिया है।

24 अक्टूबर 2026 को पीएस नारायणा को नारायणा फ्लाईओवर, BRO के सामने धौला कुआं से मायापुरी जाने वाले कैरिजवे पर सड़क हादसे की पीसीआर कॉल मिली थी। मौके पर एक व्यक्ति अपनी क्षतिग्रस्त स्कूटी DL8SCT3070 के पास अचेत अवस्था में पड़ा मिला, जिसे DDU अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मौके पर कोई चश्मदीद नहीं था। इस पर थाना नारायणा में FIR No. 307/26 U/s 281/125(a)/106(1) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

DCP वेस्ट हर्षेश्वर वी. स्वामी के निर्देशन में SHO नारायणा और ACP मायापुरी की देखरेख में इंस्पेक्टर दीपक कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

टीम ने फ्लाईओवर और आसपास लगे कई CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और हादसे का समय तय किया। उस समयावधि में फ्लाईओवर से गुजरे 50-60 वाहनों की पहचान कर उनके ड्राइवरों से पूछताछ की गई।

इसी दौरान एक ड्राइवर ने बताया कि उसके आगे चल रहे लाल रंग के ओपन बॉडी ट्रक RJ40GB2658 ने स्कूटी को टक्कर मारी थी। मालिक से पूछताछ पर पता चला कि उस दिन वाहन इनास खान चला रहा था।

पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि 24 अक्टूबर को सुबह करीब 4:30 बजे उसकी ट्रक की चपेट में स्कूटी आ गई थी और वह बिना रुके दिल्ली में माल उतार कर गुजरात के लिए निकल गया था।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है। आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *