नई दिल्ली, 28 जून 2026
दिल्ली पुलिस के बाहरी जिले की एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ड्रग सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 206 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
विक्रम सिंह डीसीपी आउटर डिस्ट्रिक्ट के मुताबिक 27 जून को एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड की टीम PS रन्होला इलाके में गश्त कर रही थी। टीम में इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंधु के नेतृत्व में SI मुकेश कुमार, HC दिनेश, HC मनदीप, W/HC दिनेश कुमार और W/Ct. तमन्ना शामिल थे। ACP/ऑपरेशन्स वीरेंद्र दलाल की देखरेख में चल रही इस गश्त के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक शख्स शिव विहार स्थित त्यागी चौक, टी-पॉइंट के पास स्मैक बेचने आने वाला है।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने बताए गए स्थान पर जाल बिछाया। कुछ देर बाद शिव विहार की तरफ से एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखा, जिसकी पहचान मुखबिर ने की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम करन, निवासी निहाल विहार, दिल्ली, उम्र 28 वर्ष बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से नशीला पदार्थ मिला। FSL टीम को मौके पर बुलाया गया और फील्ड टेस्टिंग किट से जांच में वह पदार्थ स्मैक निकला। बरामद स्मैक का कुल वजन 206 ग्राम पाया गया।
पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत मौके पर ही स्मैक को सील कर दिया। इस संबंध में थाना रन्होला में FIR नंबर 428/26, धारा 21 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और बरामद माल जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक की सप्लाई कहां से हो रही थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।