नई दिल्ली, 28 जून 2026
द्वारका जिला पुलिस ने “नशे पर लगाम, देश को सलाम !!” अभियान के तहत अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1900 क्वार्टर अवैध शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही जुपिटर स्कूटी भी जब्त की है।
स्पेशल स्टाफ, द्वारका जिला की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 22 जून को डाबड़ी इलाके में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान करन पुत्र राजेश, उम्र 20 वर्ष, निवासी डाबड़ी को स्कूटी पर 2 पेटी (100 क्वार्टर) अवैध शराब ले जाते हुए पकड़ा गया। पूछताछ के बाद आरोपी के घर से 36 और पेटी बरामद हुईं। कुल मिलाकर 38 पेटी यानी 1900 क्वार्टर शराब जब्त की गई। प्रत्येक क्वार्टर 180 एमएल का है। बरामद शराब पर ‘केवल हरियाणा में बिक्री हेतु’ लिखा था।
डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह आईपीएस के निर्देश पर एसीपी ऑपरेशंस सुभाष मलिक की देखरेख में इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में टीम बनाई गई थी। टीम में हेड कांस्टेबल प्रदीप, हेड कांस्टेबल जगदीश, कांस्टेबल मनजीत और कांस्टेबल जय भगवान शामिल थे। हेड कांस्टेबल प्रदीप को मिली गुप्त सूचना पर जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी करन मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है और पांचवीं तक पढ़ा है। पहले वह एक शराब सप्लायर के यहां काम करता था। जल्दी पैसा कमाने के लालच में खुद अवैध शराब की तस्करी करने लगा। वह शराब विकास नाम के व्यक्ति से खरीदता था। मकान मालिक और शराब के स्रोत की भूमिका की जांच की जा रही है।
डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि “नशे पर लगाम, देश को सलाम !!” अभियान के तहत नशे और अवैध शराब के खिलाफ द्वारका पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। इसका मकसद द्वारका व दिल्ली को नशामुक्त बनाना और युवाओं को सही दिशा देना है। इंटर-स्टेट बॉर्डर से होने वाली तस्करी पर विशेष नजर रखी जा रही है।
आरोपी के खिलाफ थाना डाबड़ी में एफआईआर संख्या 374/26, दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33/38/58 (d) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
द्वारका पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब या नशे से जुड़ी कोई भी सूचना तुरंत पुलिस को दें।