थाना वेलकम की टीम ने तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ लूट का एक मामला सफलतापूर्वक सुलझाया है। टीम ने लूटी गई मारुति अर्टिगा कार और पीड़ित का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
राहुल अलवाल , डीसीपी , उत्तर-पूर्व जिला के मुताबिक 22.जून को को थाना वेलकम में मारुति अर्टिगा कार की लूट की सूचना प्राप्त हुई थी। उप-निरीक्षक योगेश कुमार पुलिस स्टाफ के साथ लकड़ी मार्केट पुलिया, वेलकम, दिल्ली पहुंचे। वहां शिकायतकर्ता, जो कि पेशे से टैक्सी चालक और जिला संभल, उत्तर प्रदेश का निवासी है, ने बताया कि शाम करीब 7:30 बजे, यात्रियों का इंतजार करते समय तीन नशे में धुत युवकों ने लोनी गोल चक्कर जाने के लिए उसकी टैक्सी किराए पर ली।
यात्रा के दौरान, एक यात्री ने जबरन शिकायतकर्ता को ड्राइवर सीट से धक्का देकर वाहन पर नियंत्रण कर लिया। भोपुरा बॉर्डर पहुंचने पर आरोपियों ने शिकायतकर्ता को गाड़ी से बाहर धक्का देकर कार सहित फरार हो गए। शिकायतकर्ता का मोबाइल फोन भी, जो गाड़ी के अंदर था, लूट लिया गया।
थाना वेलकम में मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई।
निरीक्षक रूपेश कुमार खत्री, थाना प्रभारी/वेलकम के नेतृत्व में, तथा श्री सहदेव राणा, सहायक पुलिस आयुक्त/भजनपुरा के पर्यवेक्षण में, उप-निरीक्षक योगेश कुमार, उप-निरीक्षक रामबीर, हेड कांस्टेबल हरेंद्र और हेड कांस्टेबल कुलदीप की एक समर्पित टीम ने गहन जांच की।
टीम ने घटनास्थल और चोरी के वाहन के भागने के रास्ते में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की। लगातार तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी विश्लेषण और खुफिया जानकारी के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई गाड़ी और पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों मेहताब @ मोनू @ शानू @ अमन (29 वर्ष), अमन @ बिहारी (22 वर्ष), मो. फैसल (23 वर्ष) से लूटी गई मारुति अर्टिगा कार और पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है।फिलहाल आगे की जांच जारी है।