हरि बॉक्सर-लॉरेंस बिश्नोई गैंग की रंगदारी की साजिश का भंडाफोड़, गणित शिक्षक गिरफ्तार
10 करोड़ की फिरौती मांगने वाले गिरोह का स्थानीय मददगार धरा गया
नई दिल्ली, 9 जुलाई 2026
स्पेशल सेल (एनडीआर) ने हरि बॉक्सर-लॉरेंस बिश्नोई गैंग की 10 करोड़ रुपये की रंगदारी की साजिश का पर्दाफाश करते हुए एक स्थानीय मददगार को गिरफ्तार किया है। आरोपी पेशे से गणित शिक्षक है, जिसने पीड़ित के कार्यालय की रेकी कर वीडियो हरि बॉक्सर को भेजा था।
15 जून 2026 को मुखर्जी नगर निवासी एक व्यक्ति को विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप कॉल आई। कॉलर ने खुद को हरि बॉक्सर बताते हुए एक सप्ताह में 10 करोड़ रुपये देने की मांग की। रकम न देने पर पीड़ित और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपी ने पीड़ित के कार्यालय का वीडियो भेजकर उसे बम से उड़ाने की धमकी भी दी थी।
इस संबंध में 8 जुलाई 2026 को थाना मुखर्जी नगर में बीएनएस की धारा 308(4)/351(4) के तहत एफआईआर संख्या 254/2026 दर्ज की गई थी।
एसीपी विवेक त्यागी की देखरेख में इंस्पेक्टर संजय कुमार गुप्ता और इंस्पेक्टर पंकज चौहान की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित बिश्नोई उर्फ रुद्र प्रताप सिंह (35) के रूप में हुई है। मूल रूप से हिसार, हरियाणा का रहने वाला अमित वर्तमान में शालीमार बाग, दिल्ली में रह रहा था।
अमित बिश्नोई ने फरीदाबाद से बी.टेक किया है। वह यूपीएससी और एसएससी की तैयारी के लिए मुखर्जी नगर आया था। 2018 से वह मुखर्जी नगर के विभिन्न कोचिंग सेंटरों में गणित पढ़ा रहा था। पुलिस के अनुसार, 2014 में हरियाणा में एक कॉमन दोस्त के जरिए उसकी मुलाकात लॉरेंस बिश्नोई से हुई थी। बाद में हरि बॉक्सर के संपर्क में आया, जिसने उसे पीड़ित के परिवार और कारोबार की जानकारी जुटाकर भेजने का काम सौंपा था।
स्पेशल सेल के डीसीपी प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।