नई दिल्ली, 14 जुलाई।
क्राइम ब्रांच ने ओडिशा-आंध्र प्रदेश से दिल्ली में गांजा सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।
WR-II, क्राइम ब्रांच की टीम ने इस ऑपरेशन में 26.35 किलो गांजा (कमर्शियल क्वांटिटी) बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल कुमार उर्फ तुतन (33), पमुलापति श्रीनिवास उर्फ अन्ना (56) और प्रतिनधि कराड (53) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक 4 जून को ASI जितेंद्र सिंह को सूचना मिली थी कि राज नगर, पालम निवासी राहुल द्वारका में गांजा की खेप सप्लाई करने आ रहा है। टीम ने पोचनपुर गांव, सेक्टर-23 द्वारका में जाल बिछाकर कार DL-9CQ-61** से 25 पैकेट गांजा बरामद किया। पूछताछ में आंध्र प्रदेश के गुंटूर निवासी श्रीनिवास का नाम सामने आया, जिसे उत्तम नगर से पकड़ा गया।
उसकी निशानदेही पर टीम ने ओडिशा के गजपति जिले में छापा मारकर मुख्य सप्लायर प्रतिनधि कराड को गिरफ्तार किया। यह पूरी कार्रवाई “स्ट्रीट-टू-सोर्स” ऑपरेशन के तहत की गई।
DCP क्राइम हर्ष इंदौरा के नेतृत्व में इंस्पेक्टर अक्षय गहलोत की टीम ने यह कार्रवाई की। तीनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत FIR No. 150/26 दर्ज कर आगे की जांच जारी है।