नई दिल्ली : मध्य जिले की डीबीजी रोड थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के जरिये महीनों की कड़ी मशक्कत के बाद एक सक्रिय वाहन चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान मो. अदनान उर्फ पागल के रूप में हुई है, जिसे नोएडा के एक नशा मुक्ति केंद्र से गिरफ्तार किया गया।
6 जून 2026 को जोशी रोड, करोल बाग निवासी एक शिकायतकर्ता ने डीबीजी रोड थाने में स्कूटी चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया था कि उसने रात में अपनी स्कूटी घर के बाहर पार्क की थी, सुबह उठने पर वह गायब मिली। इस संबंध में थाना डीबीजी रोड में eFIR No. 012893/2026 U/s 305(B) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ, डीबीजी रोड के नेतृत्व और एसीपी के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में HC सुनीत कुमार, HC राजू सिंह और Ct. रवि कुमार शामिल थे।
टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। कड़ी मेहनत के बाद पुलिस को एक फुटेज में आरोपी की स्पष्ट तस्वीर मिली, जिसमें एक युवक स्कूटी चोरी कर फरार होता दिख रहा था।
फुटेज को स्थानीय सूत्रों में प्रसारित किया गया और लगातार निगरानी के बाद आरोपी की पहचान सदर बाजार निवासी मो. अदनान उर्फ पागल, उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई। जांच में पता चला कि आरोपी नोएडा के एक ड्रग डी-एडिक्शन सेंटर में भर्ती है। सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत छापेमारी कर उसे वहीं से धर दबोचा।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी आदतन वाहन चोर है। वह पहले भी ऑटो थेफ्ट के 6 मामलों में शामिल रह चुका है ।
फिलहाल आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। चोरी गई स्कूटी की बरामदगी के प्रयास जारी हैं और अन्य वारदातों में उसकी संलिप्तता खंगाली जा रही है।
मध्य जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह, IPS ने बताया कि यह गिरफ्तारी तेज जांच, बेहतर समन्वय और निरंतर सीसीटीवी विश्लेषण का नतीजा है।