दिल्ली के चांदनी महल में बीएलओ के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा, चार आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: राजधानी के चांदनी महल इलाके में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के दौरान ड्यूटी कर रही एक महिला अधिकारी के साथ अभद्रता और सरकारी काम में बाधा डालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मामला फाटक तेलियान इलाके का है। शिकायतकर्ता एक PGT (स्पेशल एजुकेशन टीचर) हैं, जो बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के रूप में SIR का कार्य कर रही थीं।

शिकायत के अनुसार, 05 जुलाई 2026 को जब वह अपना सरकारी कार्य कर रही थीं, तभी एक व्यक्ति ने जबरन बीएलओ रजिस्टर उनकी गोद में रख दिया और उनके विरोध के बावजूद उस पर हस्ताक्षर कर दिए। आरोप है कि मौके पर मौजूद कुछ अन्य लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की, SIR फॉर्म लेने से इनकार कर दिया और इस तरह से व्यवहार किया जिससे उन्हें अपमानित होना पड़ा और उनके सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।

हालांकि घटना 05 जुलाई को हुई थी, लेकिन पुलिस को इसकी जानकारी 15 जुलाई 2026 को मिली। शिकायतकर्ता ने इस संबंध में एडीएम, पुरानी दिल्ली से संपर्क किया था, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने तत्काल शिकायतकर्ता से संपर्क किया। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने अपने वरिष्ठ अधिकारियों से परामर्श के कारण रिपोर्ट करने में देरी की।

शिकायत के सत्यापन और उपलब्ध सामग्री की जांच के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामला बनता पाया। इस पर थाना चांदनी महल में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 221, 132, 79, 74 और 3(5) के तहत FIR दर्ज की गई है।

पुलिस ने शिकायत में नामजद सभी चार आरोपियों को कानून के अनुसार गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद सबरीन, उम्र 44 वर्ष, अतीक उर रहमान, उम्र 58 वर्ष, मोहम्मद आसिफ, 50 वर्ष और मोहम्मद आफताब, 44 वर्ष, सभी दिल्ली के तुर्कमान गेट के रहने वाले हैं।
वही पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *