मनाली एडवेंचर कैंप में डीएवी मुजफ्फरनगर के विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह

साहसिक गतिविधियों के साथ सीखे पर्यावरण संरक्षण के पाठ : पूनम शर्मा

अशोक कुमार निर्भय

मनाली। गर्मी की छुट्टियों के दौरान हाई एडवेंचर स्कूल द्वारा हिमाचल प्रदेश के मनाली में विशेष एडवेंचर कैंप और ट्रैकिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें डीएवी पब्लिक स्कूल, मुजफ्फरनगर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों में साहसिक भावना विकसित करना, उन्हें प्रकृति के निकट लाना तथा टीम भावना और आत्मविश्वास को मजबूत करना था।

कैंप में विद्यार्थियों के साथ डीएवी पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती पूनम शर्मा भी शामिल रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और उनका उत्साहवर्धन किया। उनके साथ होने से विद्यार्थियों में विशेष ऊर्जा और आत्मविश्वास देखने को मिला। पूरे कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने अनुशासन, उत्साह और सहयोग की भावना का परिचय दिया।

कैम्प के इंचार्ज एडवेंचर विशेषज्ञ जे सी शर्मा ने एडवेंचर कैंप के दौरान विद्यार्थियों को रिवर राफ्टिंग, जिपलाइन, ट्रैकिंग सहित कई रोमांचक गतिविधियों का अनुभव कराया गया। पहाड़ों की खूबसूरत वादियों के बीच आयोजित ट्रैकिंग ने छात्रों को प्रकृति के करीब पहुंचने का अवसर दिया, वहीं रिवर राफ्टिंग और जिपलाइन जैसी गतिविधियों ने उनमें साहस और जोखिम प्रबंधन की क्षमता को विकसित किया। प्रशिक्षकों की निगरानी में सभी गतिविधियां पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ संपन्न कराई गईं।

कैंप का एक महत्वपूर्ण पहलू पर्यावरण जागरूकता भी रहा। विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संतुलन के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। छात्रों ने कैंप स्थल और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग किया। उन्होंने यह संदेश भी दिया कि पर्यटन और साहसिक गतिविधियों के दौरान प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण की सुरक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

हाई एडवेंचर स्कूल के निदेशक राकेश बेनीवाल ने बताया कि उनका संस्थान वर्षों से बच्चों और युवाओं को साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण देने के साथ-साथ प्रकृति से जुड़ने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे बच्चों में नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, निर्णय लेने की योग्यता और चुनौतियों का सामना करने का आत्मविश्वास विकसित होता है।

कैंप के समापन पर विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह यात्रा उनके लिए यादगार रही। रोमांच, सीख और प्रकृति के साथ बिताए गए पलों ने उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान की। प्रतिभागियों ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में भाग लेने की इच्छा व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *