नई दिल्ली, 21 जुलाई। मेट्रो यूनिट की स्पेशल स्टाफ और थाना कश्मीरी गेट मेट्रो पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में मेट्रो में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाली एक आदतन महिला चोर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई को चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन पर एक्स-रे मशीन से एक महिला यात्री का हैंडबैग चोरी हो गया था, जिसमें सोने की अंगूठी, घड़ी, नकदी और दस्तावेज थे। इस संबंध में थाना कश्मीरी गेट मेट्रो में ई-एफआईआर संख्या 80054176/2026 दर्ज की गई थी।
गुप्त सूचना पर सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के बाद टीम ने आरोपी महिला को ट्रेस कर पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि वह FIR No. 80045553/2026 थाना RGM और FIR No. 80037028/2026 थाना JPM में भी वांछित थी।
कोर्ट से एक दिन के रिमांड पर लेने के बाद आरोपी की निशानदेही पर 28,500 रुपये की नकदी बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर पहले से इसी तरह के 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
डीसीपी मेट्रो डॉ. आनंद डाभी ने बताया कि बाकी सामान की बरामदगी और अन्य मामलों में संलिप्तता की जांच जारी है।