जंतर-मंतर पर पुलिसकर्मियों की ढाल बनकर खड़े रहे स्पेशल सीपी देवेश श्रीवास्तव

नई दिल्ली। राजधानी के जंतर-मंतर पर रविवार को एक बार फिर हंगामेदार प्रदर्शन के दौरान हालात तनावपूर्ण हो गए, लेकिन इस बीच दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी (लॉ एंड ऑर्डर) देवेश श्रीवास्तव ने जिस तरह मोर्चा संभाला, उसकी चर्चा हर तरफ हो रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जंतर-मंतर पर चल रहे एक प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों की भीड़ अचानक उग्र हो गई और पुलिस बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश करने लगी। मौके पर तैनात जवानों और भीड़ के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद स्पेशल सीपी देवेश श्रीवास्तव खुद सबसे आगे आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्पेशल सीपी श्रीवास्तव ने बिना लाठी-डंडे के, शांतिपूर्ण तरीके से भीड़ को समझाने की कोशिश की। वह खुद अपने जवानों के सामने ढाल बनकर खड़े रहे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से लगातार अपील की कि वे कानून हाथ में न लें और अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखें।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “स्पेशल सीपी सर का यही अंदाज उन्हें सबसे अलग बनाता है। वह हमेशा फ्रंट से लीड करते हैं। जवानों का मनोबल बढ़ाने के लिए वह खुद सबसे आगे खड़े हो गए, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई।”

उनकी इस सूझबूझ से स्थिति कुछ ही देर में नियंत्रण में आ गई और किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई। जवानों ने भी संयम का परिचय देते हुए भीड़ को सुरक्षित तरीके से पीछे किया। मौके पर मौजूद लोगों ने दिल्ली पुलिस के इस मानवीय और संयमित रवैये की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *