दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल को बड़ी कामयाबी, नादिर शाह हत्याकांड का भगोड़ा आरोपी गिरफ्तार

लॉरेंस बिश्नोई-हाशिम बाबा गैंग का शूटरों को हथियार सप्लाई करने वाला सद्दाम अमरोहा से दबोचा

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (नॉर्दर्न रेंज) ने ग्रेटर कैलाश के जिम मालिक नादिर शाह हत्याकांड में फरार चल रहे कुख्यात बदमाश सद्दाम हुसैन उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया है। वह लॉरेंस बिश्नोई-हाशिम बाबा गैंग का सक्रिय सदस्य है और पिछले साल सितंबर से फरार था।

पुलिस के अनुसार, स्पेशल सेल को सूचना मिली थी कि आरोपी यूपी के अमरोहा में छिपा है। इस पर इंस्पेक्टर आलोक कुमार मौर्या और नीतू कुमार की टीम ने एसीपी आशीष कुमार की निगरानी में 20 जुलाई को अमरोहा में दबिश देकर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर शास्त्री पार्क से एक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

बीते 12 सितंबर 2024 की रात साउथ दिल्ली के ग्रेटर कैलाश-I में जिम के बाहर जिम के सह-मालिक और कारोबारी नादिर शाह की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। जांच में खुलासा हुआ था कि यह हत्या रंगदारी न देने पर बिश्नोई-हाशिम बाबा गैंग ने करवाई थी। इस केस में अब तक 16 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।

पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड में सद्दाम की भूमिका शूटरों को मदद पहुंचाने और वारदात में इस्तेमाल हथियारों को छिपाने की थी। अपने साथी साजिद फद्दी के साथ मिलकर उसने पूरी लॉजिस्टिक संभाली थी। साजिद के पकड़े जाने के बाद से वह फरार हो गया था और कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।

आरोपी मूल रूप से अमरोहा, यूपी का रहने वाला है और दिल्ली के जाफराबाद में रहकर बच्चों के कपड़ों की दुकान चलाता है। वह अपने दोस्त सोहेल उर्फ चप्पल के जरिए अपराध की दुनिया में आया था। उसके खिलाफ पहले से ही हत्या के प्रयास के दो मामले दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *