नई दिल्ली, 10 अगस्त। बाहरी जिले के रन्हौला थाना पुलिस ने झपटमारी की वारदात के 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार 8 अगस्त को शिकायतकर्ता अपने बेटे के साथ शुक्र बाजार सब्जी लेने जा रहा था, तभी पीछे से आए दो बदमाशों ने उसका पर्स छीनकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना रन्हौला में FIR No. 488/2026, धारा 304(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए SHO रन्हौला इंस्पेक्टर नरेंद्र के नेतृत्व में PSI परमिल, HC जितेंद्र और HC पूरनमल की टीम गठित की गई। एसीपी नांगलोई नरेश सोलंकी के पर्यवेक्षण में टीम ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।
सूचना मिली कि आरोपी विकास नगर की गली नंबर 08 में मौजूद हैं। छापेमारी कर दोनों आरोपी – (1) संजय (22 वर्ष) निवासी विकास नगर और (2) धीरज चौरसिया निवासी विकास नगर को पकड़ लिया गया।
तलाशी में उनके पास से लूटे गए 215 रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड और एटीएम कार्ड बरामद हुए। वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी भी जब्त की गई है।
जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी पहले भी दो-दो आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। पुलिस आगे की जांच कर रही है।