पांडव नगर पुलिस को बड़ी कामयाबी, 9.79 लाख की विदेशी मुद्रा लूटकांड का खुलासा

नई दिल्ली। ईस्ट जिला पुलिस ने विदेशी मुद्रा लूट के हाई-प्रोफाइल मामले को सुलझाते हुए दो लुटेरों कार्तिक उर्फ किट्टू (20 साल) और कवलजीत उर्फ गोल्डी (23 साल) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल Hyundai Xcent कार और लूटी गई रकम में से 1,100 यूरो बरामद किए गए हैं।

राजीव कुमार डीसीपी ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के मुताबिक 6 जुलाई 2026 को Tripsway Forex Pvt. Ltd. नोएडा के पास मि. सिंह नामक व्यक्ति का कॉल आया और साई चौक, मधु विहार पर 5,500 यूरो की अर्जेंट डिलीवरी मांगी। कंपनी के कर्मचारी हरे कृष्ण जाना 5,500 यूरो, 35,000 थाई भाट, 2,600 यूएस डॉलर, 1,200 चीनी युआन और 10 हजार रुपये कुल करीब 9.79 लाख रुपये लेकर बताए पते पर पहुंचे।

आरोपियों ने लाइव लोकेशन भेजकर उन्हें बुलाया और कार में बैठाते ही मिर्ची स्प्रे डालकर पूरा बैग लूटकर फरार हो गए। इस पर थाना पांडव नगर में FIR No. 239/2026 धारा 309(4)/309(6)/3(5) BNS के तहत केस दर्ज हुआ।

इस मामले में ACP मयूर विहार के निर्देशन और SHO पांडव नगर के नेतृत्व में Insp. पंकज सरोहा, SI आशीष तुषिर, ASI राजेंद्र, HC भरत, Ct. रामकेश और Ct. नितेश की टीम गठित की गई।

जांच में पता चला कि साई चौक का दिया गया पता कई सालों से बंद पड़ा है और मि. सिंह नाम का कोई व्यक्ति वहां रहता ही नहीं। कॉल करने वाली सिम भी फर्जी दस्तावेजों पर ली गई थी।

तकनीकी विश्लेषण और फील्ड इनपुट के आधार पर पुलिस की टीम विष्णु गार्डन से होते हुए मुल्तान नगर, मेरठ, यूपी पहुंची और दो आरोपियों को दबोचा।

गिरफ्तार आरोपी कार्तिक उर्फ किट्टू (20 साल) – मुल्तान नगर, मेरठ का रहने वाला है,आठवीं पास, मोबाइल की दुकान चलाता है और दूसरा कवलजीत उर्फ गोल्डी (23 साल) – भी मुल्तान नगर, बागपत रोड, मेरठ का रहने वाला है। बारहवीं पास, मदर डेयरी बूथ पर सिक्योरिटी गार्ड है।

    पूछताछ में दोनों ने जुर्म कबूला। दोनों पुलिस रिमांड पर हैं। बाकी फरार आरोपियों की तलाश और शेष विदेशी मुद्रा की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *