नई दिल्ली: पर्यटकों को धक्का देकर जेब काटने वाले गिरोह पर मध्य जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नबी करीम थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर 2 जेबकतरों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी थाना नबी करीम क्षेत्र मुल्तानी ढांडा इलाके के रहने वाले हैं।
रोहित राजबीर सिंह, आईपीएस, उप पुलिस आयुक्त, मध्य जिला के अनुसार, 2 जून 2026 को रात करीब 9 बजे आंध्र प्रदेश के 29 वर्षीय एक पर्यटक ने शिकायत दी थी कि नबी करीम/पहाड़गंज के अंडर पुल स्थित DESU बूथ के पास दो अज्ञात लोगों ने जानबूझकर उसे धक्का मारा और ध्यान भटकाकर जेब से 13,000 रुपये नकद चुरा लिए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
इस मामले में थाना नबी करीम में E-FIR No. 00045574/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए SHO नबी करीम की देखरेख और ACP पहाड़गंज के निर्देशन में हेड कांस्टेबल एम.पी. सिंह और कांस्टेबल संजय की एक विशेष टीम बनाई गई।
टीम ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के साथ पुल के नीचे , पहाड़गंज के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में संदिग्धों की हरकतें साफ दिखीं। इसके बाद टीम ने लगातार फील्ड वर्क और गुप्त सूचना के आधार पर काम किया। 13 जून 2026 को थाना नबी करीम पुलिस ने मुल्तानी ढांडा, से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी आयूष उर्फ आरू, (उम्र 19 साल) और कृष, दोनों मुल्तानी ढांडा, पहाड़गंज, (उम्र 19 साल) के रहने वाले हैं।
पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे पहाड़गंज आने वाले पर्यटकों को ही निशाना बनाते थे। उनका तरीका था – भीड़ में जानबूझकर धक्का मारकर ध्यान भटकाना और तुरंत जेब काटकर फरार हो जाना। चोरी किए गए पैसे दोनों ने नशे और निजी खर्चों पर उड़ा दिए।
पहले भी हैं शामिल
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी आयुष उर्फ आरू पहले भी चोरी और जेबकटरी के 4 मामलों में शामिल रहा है। वहीं आरोपी कृष पर भी नबी करीम थाने में एक मामला दर्ज है।फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।