नई दिल्ली:राजधानी दिल्ली के आनंद पर्वत थाना पुलिस की क्रैक टीम ने तकनीकी निगरानी और सटीक गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस टीम ने चाकूबाजी के एक सनसनीखेज मामले में काफी समय से फरार चल रहे एक वांछित किशोर (विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक – सीसीएल) को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया 17 वर्षीय आरोपी किशोर आनंद पर्वत के इंडस्ट्रियल एरिया का रहने वाला है। वह आनंद पर्वत थाने में दर्ज एफआईआर नंबर 552/2025, धारा 118(2)/3(5) बीएनएस के तहत दर्ज मामले में मुख्य आरोपियों में शामिल था और वारदात के बाद से ही लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था।
गली नंबर 11 में हुआ था जानलेवा हमला
रोहित राजवीर सिंह आईपीएस, उप पुलिस आयुक्त ,मध्य जिला के अनुसार यह पूरा मामला 5 अक्टूबर 2025 की दरम्यानी रात का है। पीड़ित शिकायतकर्ता रात करीब 12:30 बजे अपने एक दोस्त के साथ आनंद पर्वत के चेतन बस्ती स्थित गली नंबर 11 की एक दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान आरोपी किशोर अपने दो अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा और किसी पुरानी बात को लेकर शिकायतकर्ता के दोस्त से कहासुनी करने लगा। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी के एक साथी ने चाकू निकालकर शिकायतकर्ता के दोस्त को जान से मारने की धमकी दे दी, जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई हुई।
इसके बाद आरोपी वहां से चले गए, लेकिन उनके सिर पर खून सवार था। रात करीब 1:00 बजे आरोपी किशोर अपने दोनों साथियों के साथ वापस आया और उसने सीधे शिकायतकर्ता पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में खुद को बचाने के प्रयास में शिकायतकर्ता के शरीर के विभिन्न हिस्सों पर चाकू के कई गहरे घाव आए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी किशोर और उसके साथी मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस टीम का रणनीतिक ऑपरेशन
फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए आनंद पर्वत थाने की क्रैक टीम लगातार प्रयास कर रही थी। पुलिस टीम ने केस से जुड़े पुराने डेटा का गहन विश्लेषण किया और इलाके में अपने गुप्त मुखबिरों को सक्रिय किया। 13 जून 2026 को पुलिस को एक पुख्ता सूचना मिली कि इस मामले का वांछित आरोपी किशोर आनंद पर्वत इलाके में ही छिपा हुआ है और कहीं भागने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही आनंद पर्वत थाना प्रभारी (एसएचओ) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें सब-इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार और कांस्टेबल मनीष को शामिल किया गया। पटेल नगर के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) के समग्र पर्यवेक्षण में टीम ने रणनीतिक जाल बिछाया। पुलिस ने तकनीकी निगरानी (टेक्निकल सर्विलांस) की मदद से आरोपी की सटीक लोकेशन को ट्रैक किया और घेराबंदी करके उसे दबोच लिया।
आरोपी ने कबूला जुर्म, भेजा गया सुधार गृह
थाने लाकर की गई गहन पूछताछ में आरोपी किशोर ने ५ अक्टूबर की रात को हुई चाकूबाजी की वारदात में अपनी संलिप्तता पूरी तरह स्वीकार कर ली है। पुलिस ने मामले से जुड़ी सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को जेजे बोर्ड के समक्ष पेश किया, जहां से उसे ऑब्जर्वेशन होम (बाल सुधार गृह) भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस अंधे मामले को सुलझाने और आरोपी को पकड़ने में क्रैक टीम की मुस्तैदी, तकनीकी निगरानी और खुफिया तंत्र की बेहद अहम भूमिका रही है। मामले के अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।