शाहदरा पुलिस को बड़ी कामयाबी, शातिर वाहन चोर गिरफ्तार

नई दिल्ली / शाहदरा – 10 अगस्त 2026

शाहदरा जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) ने एक शातिर ऑटो लिफ्टर-कम-लुटेरे को गिरफ्तार कर 5 चोरी की टू-व्हीलर बरामद की हैं। आरोपी की पहचान जुनैद उर्फ बाबू (27) निवासी गणेश नगर-द्वितीय, शकरपुर के रूप में हुई है।

डीसीपी शाहदरा राजिंदर प्रसाद मीणा के निर्देशन में एसीपी ऑपरेशन्स मोहिंदर सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर प्रतीक सक्सेना के नेतृत्व में SI अनुज कुमार, HC नीरज सिंह, कांस्टेबल क्लेवर व अजय की टीम गठित की गई थी।

टीम ने 7 अगस्त को गुप्त सूचना के आधार पर CBD ग्राउंड, थाना आनंद विहार क्षेत्र से आरोपी को पकड़ा। उसके कब्जे से काले रंग की चोरी की सुजुकी एनटॉर्क (DL-6SBC-2XX9) बरामद हुई, जो थाना दरियागंज में चोरी के मामले में वांछित थी।

पूछताछ में आरोपी ने 4 अन्य वाहन चोरी की वारदातें कबूली। उसकी निशानदेही पर 4 और वाहन अलग-अलग जगहों से बरामद किए गए।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पर पहले से चोरी, लूट, झपटमारी व आर्म्स एक्ट के 34 मामले दर्ज हैं। वह 2020 में थाना जाफराबाद के लूट के मामले में जेल गया था और नवंबर 2025 में जमानत पर बाहर आकर फिर से वाहन चोरी करने लगा।

इस गिरफ्तारी से शाहदरा, ईस्ट, सेंट्रल और नॉर्थ-ईस्ट जिले के 5 वाहन चोरी व 1 लूट के प्रयास सहित कुल 6 मामले सुलझे हैं। आरोपी के साथी सोनू की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *