नई दिल्ली, 11 अगस्त।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर मध्य जिला पुलिस द्वारा बढ़ाई गई सतर्कता और बीट पेट्रोलिंग रंग लाई है। जामा मस्जिद थाने की बीट स्टाफ ने संडे मार्केट में एक मोबाइल चोर को रंगे हाथों पकड़कर चोरी का मोबाइल बरामद किया है।
रोहित राजवीर सिंह आईपीएस डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के अनुसार 9 अगस्त को शिकायतकर्ता संडे मार्केट में मौजूद था, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने उसकी जेब से मोबाइल चुरा लिया। पीड़ित के शोर मचाने पर मौके पर गश्त कर रही पुलिस टीम ने तुरंत पीछा कर आरोपी को दबोच लिया। उसके कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पकड़े गए आरोपी की पहचान कृष्णा (26 वर्ष), निवासी गांधी नगर, दिल्ली के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी पहले भी दो मामलों में शामिल रहा है – FIR No. 50/2026 थाना गांधी नगर आर्म्स एक्ट और FIR No. 89/2023 धारा 379 IPC थाना गांधी नगर।
इस संबंध में थाना जामा मस्जिद में FIR No. 429/2026, धारा 303(2)/317(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में HC भवानी, HC कुलदीप और Ct. कुलदीप शामिल थे।
डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पूरे जिले में एरिया डोमिनेशन और बीट पेट्रोलिंग तेज कर दी गई है ताकि अपराध पर लगाम लगाई जा सके और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।