नई दिल्ली, 18 अगस्त। द्वारका जिले की सेक्टर-23 थाना पुलिस ने रेस्टोरेंट में हुई चोरी की वारदात का 12 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से चोरी की पूरी रकम 1,35,010 रुपये बरामद कर ली गई है।
10 अगस्त को सेक्टर-20 स्थित मार्बल मार्केट के एक रेस्टोरेंट के कैश काउंटर से नकदी चोरी होने की e-FIR No. 80065770/26 दर्ज हुई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ACP द्वारका सब-डिवीजन किशोर कुमार रेवाला के निर्देशन में SHO सेक्टर-23 बिजेंद्र सिंह के नेतृत्व में HC संजय कुमार और Ct. मोहित की टीम गठित की गई।
टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV फुटेज की बारीकी से जांच की। फुटेज में करीब 30 साल का एक युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर चोरी करता दिखा। हाव-भाव और शारीरिक बनावट के आधार पर उसकी पहचान पूर्व सिक्योरिटी गार्ड के रूप में हुई।
जांच में सामने आया कि आरोपी सुनील रजत निवासी टीकमगढ़, मध्य प्रदेश, इसी रेस्टोरेंट में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था और दो महीने पहले नौकरी छोड़ चुका था।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी की 100% रकम 1,35,010 रुपये बरामद कर ली गई।
पूछताछ में आरोपी ने एक अन्य चोरी की वारदात e-FIR No. 80060209/26 में भी अपनी संलिप्तता कबूली है। पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है।