नई दिल्ली । मध्य दिल्ली के करोल बाग इलाके में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, 19.08.2026 को थाना करोल बाग में पीसीआर कॉल प्राप्त हुई कि बीकानेर चौक, करोल बाग के पास एक कार का पिछला शीशा तोड़कर तीन बैग चोरी कर लिए गए हैं।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शिकायतकर्ता जयपुर के एक ज्वैलर हैं, जो व्यापार के सिलसिले में ज्वेलरी और हीरे लेकर दिल्ली आए थे। शिकायतकर्ता के बयान के अनुसार, चोरी गई ज्वेलरी और हीरों की कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम, स्पेशल स्टाफ और AATS की टीमों ने तुरंत मौके का निरीक्षण किया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सीसीटीवी फुटेज के गहन विश्लेषण के दौरान हेलमेट पहने और मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों की पहचान की गई।
पुलिस ने मोटरसाइकिल को ट्रेस कर उसके रजिस्टर्ड मालिक का पता लगा लिया है। मालिक और उसके दो भाइयों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
थाना करोल बाग और स्पेशल स्टाफ की टीमें संदिग्धों के रूट के सीसीटीवी फुटेज का लगातार विश्लेषण कर रही हैं। चोरी गए माल को बरामद करने और जल्द से जल्द मामले को सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं।