मध्य जिला पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नासिर हाफिज खान उर्फ ईरानी उर्फ समीर के नेतृत्व वाले ईरानी गैंग पर मकोका (MCOCA) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने इस गैंग के दो अहम सदस्यों – अली चुन्ना उर्फ राजा और अकबर अली उर्फ कबीर को गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी डीबीजी रोड थाने में दर्ज 18.84 लाख रुपये की लूट (FIR No. 389/2025) के मामले में की गई है।
रोहित राजवीर सिंह डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के अनुसार, गैंग लीडर नासिर हाफिज खान पर दिल्ली, राजस्थान, यूपी और हरियाणा में करीब 38 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए सक्षम प्राधिकारी से अनुमति लेकर FIR No. 202/2026, धारा 3 MCOCA के तहत मामला दर्ज किया गया।
पहाड़गंज एसीपी सौरभ ए. नरेंद्र की देखरेख और एसएचओ रणधीर सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। तकनीकी निगरानी के बाद 10 अगस्त को अली चुन्ना उर्फ राजा (42) को शाहीन बाग से पकड़ा गया।
उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी अकबर अली उर्फ कबीर (35) की तलाश शुरू हुई। तकनीक और लोकल इंटेलिजेंस से पता चला कि वह सिलवासा की तरफ जा रहा है। 17 अगस्त को सिलवासा पुलिस के सहयोग से उसे होटल प्लाजा के पास से दबोचा गया। अकबर अली 24 आपराधिक मामलों में शामिल है और कई मामलों में भगोड़ा घोषित है।
आरोपियों के पास से एक बोलेरो (DL-3CCZ-) और एक हुंडई क्रेटा (DL-12CN-) बरामद हुई है। बोलेरो अली चुन्ना के नाम पर है, जिसका लोन और मेंटेनेंस अपराध से कमाए पैसों से किया जा रहा था। साथ ही दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिसमें गैंग के नेटवर्क की जानकारी होने की आशंका है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी बार-बार मोबाइल नंबर और ठिकाने बदलकर कानून से बच रहे थे। गैंग के फाइनेंशियल और लॉजिस्टिकल नेटवर्क की जांच जारी है।