नई दिल्ली। पूर्वी जिले की साइबर थाना पुलिस ने नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। लक्ष्मी नगर से चल रहे इस सेंटर से आरोपी खुद को Air India का HR बताकर लोगों को ग्राउंड ड्यूटी में नौकरी का झांसा देते थे। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के पास से 6 स्मार्टफोन, 3 कीपैड फोन जिनमें कई सिम लगी थीं, और 25,000 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
राजीव कुमार डीसीपी पूर्वी जिला के मुताबिक छत्तीसगढ़ निवासी एक शिकायतकर्ता ने NCRP पोर्टल पर शिकायत दी थी कि उसे Air India में नौकरी दिलाने के नाम पर 14,500 रुपये की ठगी हुई है। आरोपी ने खुद को Air India का HR बताकर 14,000 रुपये में नौकरी का ऑफर दिया और UPI से पैसा ट्रांसफर करा लिया।
जांच में पता चला कि ठगी की रकम पूर्वी जिले के एक ATM से निकाली गई है। इस पर PS साइबर ईस्ट में FIR No. 69/2026 दिनांक 20.08.2026, धारा 318(2)/319/112(2)/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
SHO PS साइबर-ईस्ट इंस्पेक्टर पवन यादव के नेतृत्व और ACP-OPS श्री पवन कुमार के पर्यवेक्षण में SI अंशुल, W/HC अमृता और Ct. अर्जुन की टीम ने जांच शुरू की।
जिस खाते में पैसा गया था, वह वजीराबाद निवासी मो. जायद के नाम पर था। उसे लक्ष्मी नगर से पकड़ा गया। पूछताछ में दो महिलाओं की भूमिका सामने आई। पता चला कि तीनों मिलकर पिछले 3 महीने से लक्ष्मी नगर में कॉल सेंटर चला रहे थे। अलग-अलग मोबाइल नंबरों से लोगों को कॉल कर UPI से रजिस्ट्रेशन चार्ज के नाम पर पैसे लेते और ATM से निकाल कर आपस में बांट लेते थे। इनके नंबरों से NCRP की दो और शिकायतें भी जुड़ी मिली हैं।
इस मामले में गिरफ्तार आरोपी -मो. जायद (30 वर्ष) निवासी वजीराबाद, दिल्ली – स्कूल ड्रॉपआउट, बेरोजगार है। दूसरी महिला (24 वर्ष) निवासी वजीराबाद – BA द्वितीय वर्ष ड्रॉपआउट है और तीसरी महिला (21 वर्ष) निवासी मेन मार्केट, लक्ष्मी नगर की रहने वाली है। इसके पास से 6 स्मार्टफोन, 3 कीपैड मोबाइल, कई सिम कार्ड और 25,000/- रुपये नकद बरामद हुए है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनजान WhatsApp लिंक, SMS पर क्लिक न करें और किसी अनजान व्यक्ति को OTP, PIN, बैंक डिटेल शेयर न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत करें।