नई दिल्ली। सेंट्रल जिला साइबर थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम पर फर्जी ज्वेलरी विज्ञापन से 1,16,975 रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अंकित ठाकुर (26), निवासी होडल, पलवल, हरियाणा के रूप में हुई है।
डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 15 फरवरी 2026 को एक महिला ने शिकायत दी थी कि इंस्टाग्राम पर ज्वेलरी के विज्ञापन पर दिए नंबर पर संपर्क करने पर ठगों ने व्हाट्सएप के जरिए झांसे में लेकर कई बार में UPI/Paytm से 1,16,975 रुपये ट्रांसफर करा लिए। इस संबंध में ई-एफआईआर नंबर 34/2026 धारा 318(4)/319/340 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच में पता चला कि ठगी की रकम को कोटक महिंद्रा बैंक के दो क्रेडिट कार्ड में जमा कराया गया था। एक कार्ड ‘S’ नाम की महिला के नाम पर था, जिसे उसकी मां राखी से आरोपी अंकित ने लिया था। वह OTP लेकर ठगी करता था और बदले में राखी को 5-10 हजार रुपये देता था।
इंस्पेक्टर योगराज दलाल के नेतृत्व में एसआई दीपक, एचसी संदीप, परमवीर और महिला कांस्टेबल मेघा की टीम ने तकनीकी और फाइनेंशियल ट्रेल के आधार पर होडल में छापा मारकर अंकित को दबोचा। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल एक Vivo मोबाइल फोन और एक Jio सिम बरामद हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रकम का 10% खुद रखता था और 90% अपने साथी शमीम को दे देता था। पुलिस फरार आरोपी शमीम और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।