नई दिल्ली, 02 सितंबर। दक्षिण रोहिणी इलाके में हुई सनसनीखेज वारदात का रोहिणी जिला पुलिस ने खुलासा कर दिया है। लूटपाट के दौरान हुई हत्या के मामले में मृतक की भतीजी समेत तीन आरोपियों को पकड़ा गया है।
पुलिस के अनुसार पीसीआर कॉल मिली थी कि घर में चोरी हुई है, सामान बिखरा पड़ा है और मकान मालिक जो हृदय रोगी हैं, फर्श पर बेहोश पड़े हैं। घर में तीन लोग घुसे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच में मृतक की भतीजी सिमरन तनेजा (23 वर्ष) मुख्य साजिशकर्ता के तौर पर सामने आई है। उसके साथ चिराग (22 वर्ष), जिम ट्रेनर और पारस (19 वर्ष), छात्र को गिरफ्तार किया गया है। चौथा आरोपी हिमांशु, जिम संचालक फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 70 हजार रुपये नकद और चोरी हुए सोने के आभूषण बरामद किए हैं।
थाना दक्षिण रोहिणी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 309(4) व 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है।
यह कार्रवाई विशेष पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) देवेश चंद्र श्रीवास्तव के समग्र पर्यवेक्षण, संयुक्त आयुक्त विजय सिंह के निर्देशन और डीसीपी रोहिणी शशांक जायसवाल के नेतृत्व में की गई।