नई दिल्ली: नॉर्थ-ईस्ट जिले की ऑटो एंटी थेफ्ट स्क्वाड (AATS) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने एक कुख्यात ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार कर 12 चोरी की दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इससे जिले के विभिन्न थानों में दर्ज वाहन चोरी के 12 मामले सुलझ गए हैं।
राहुल अलवाल, डीसीपी, नॉर्थ-ईस्ट जिला के अनुसार, वाहन चोरी पर लगाम लगाने के लिए इंस्पेक्टर दीपक पांडे के नेतृत्व में AATS टीम लगातार खुफिया जानकारी जुटा रही थी। 1 सितंबर को मिली पुख्ता सूचना पर टीम ने भागीरथी विहार इलाके में जाल बिछाकर आरोपी को दबोचा।
आरोपी की पहचान सलमान (22), पुत्र फैज मोहम्मद, निवासी पुराना मुस्तफाबाद, दिल्ली के रूप में हुई है। वह UP17Z-1*** नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार था। कागजात मांगने पर वह पुलिस को गुमराह करने लगा। जांच में बाइक PS भजनपुरा में दर्ज ई-FIR No. 20397/26 में चोरी की निकली।
कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने कई और वारदातें कबूली। उसकी निशानदेही पर छापेमारी कर 11 अन्य चोरी की बाइक और बरामद की गईं। ये वाहन दयालपुर, भजनपुरा, मधु विहार, फर्श बाजार, मानसरोवर पार्क, सीमापुरी, सिविल लाइंस और शकरपुर थाना क्षेत्रों से चोरी हुए थे।
आरोपी के खिलाफ PS गोकलपुरी में धारा 35.1(e) व 106 BNSS के तहत कार्रवाई की गई है। जांच में पता चला है कि आरोपी पहले भी चोरी, झपटमारी और आर्म्स एक्ट के 17 मामलों में शामिल रह चुका है।
फिलहाल आगे की जांच जारी है।