ब्रिक्स शिखर सम्मेलन-2026 की मेजबानी के लिए दिल्ली तैयार, दुल्हन की तरह सजेगी राजधानी दिल्ली

रात में फिल्मी सेट जैसा दिखेगा लुटियंस दिल्ली का नजारा, एनडीएमसी ने झोंकी ताकत

नई दिल्ली। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन-2026 की मेजबानी के लिए राजधानी दिल्ली पूरी तरह तैयार है। विश्व की पांच बड़ी उभरती अर्थव्यवस्थाओं के इस महाकुंभ के लिए राजधानी का दिल कहे जाने वाला नई दिल्ली क्षेत्र अब रोशनी के रंग में रंगा नजर आएगा।

अंतरराष्ट्रीय मेहमानों के भव्य स्वागत के लिए नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। शहर की सड़कों, गोल चक्करों, प्रमुख होटलों और सरकारी भवनों का ऐसा श्रृंगार किया गया है कि रात के समय नई दिल्ली का नजारा किसी भव्य फिल्मी सेट से कम नहीं लगेगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सम्मेलन के मुख्य वेन्यू भारत मंडपम और राष्ट्रपति भवन से लेकर राजपथ, जनपथ, अशोक रोड और चाणक्यपुरी के डिप्लोमैटिक एन्क्लेव तक विशेष लाइटिंग की व्यवस्था की गई है।

एनडीएमसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “हमारा लक्ष्य है कि दिल्ली में आने वाला हर विदेशी मेहमान यहां से एक यादगार अनुभव लेकर जाए। इसके लिए 3-डी लाइटिंग, थीम आधारित फसाड लाइट, एलईडी स्कल्पचर और ब्रिक्स देशों के झंडों के रंगों से सुसज्जित लाइटिंग लगाई गई है।”

क्या-क्या होगा खास

  • रोशनी की चादर: कनॉट प्लेस, इंडिया गेट, शांति पथ और सरदार पटेल मार्ग के सभी गोल चक्करों पर डायनामिक लाइटिंग लगाई गई है।
  • ग्रीन दिल्ली की झलक: सड़कों के किनारे और डिवाइडरों पर 10 लाख से अधिक मौसमी फूलों के गमले लगाए गए हैं।
  • सुरक्षा के कड़े इंतजाम: लुटियंस जोन में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। विशेष सफाई अभियान भी युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।
    शाम ढलते ही जब इन इमारतों पर रंग-बिरंगी रोशनियां जगमगाएंगी, तो पूरी नई दिल्ली एक नई दुल्हन की तरह नजर आएगी। विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए होटलों के बाहर पारंपरिक भारतीय कला और ब्रिक्स थीम पर आधारित स्वागत द्वार भी बनाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *