नई दिल्ली। ईस्ट जिले के न्यू अशोक नगर थाना पुलिस की टीम ने एक वांछित स्नैचर-कम-ऑटो लिफ्टर को गिरफ्तार कर 3 मामलों का खुलासा किया है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान इश्तिकार (24 वर्ष) निवासी कुलेसरा गांव, नोएडा, यूपी के रूप में हुई है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और माननीय न्यायालय ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) भी जारी किया था।
राजीव कुमार डीसीपी पूर्वी जिला के मुताबिक ई-एफआईआर नं. 17882/26 धारा 305(b) BNS के तहत मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज हुआ था। जांच में पुलिस ने 03.अगस्त.2026 को आरोपी अरुण को चोरी की बाइक के साथ पकड़ा था, जबकि उसका साथी इश्तिकार फरार हो गया था।
SHO इंस्पे. रजनीकांत के नेतृत्व में और ACP कल्याणपुरी सुश्री तेंजिन यांकी के निर्देशन में SI गौरव पंवार, ASI राजीव सोलंकी, HC दीपक, HC ललित और कां. कमल की टीम गठित की गई।
टीम ने लोकल इंटेलिजेंस और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर दिल्ली-नोएडा बॉर्डर के पास जाल बिछाकर आरोपी को धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपी ने 3 वारदातों में शामिल होना कबूला। उसकी निशानदेही पर 3 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। आरोपी ने बताया कि वह नशे की लत पूरी करने के लिए स्नैचिंग और वाहन चोरी करता था। आरोपी पहले भी 8 आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है।