दिल्ली पुलिस – द्वारका जिला की अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 510 क्वार्टर बरामद

नई दिल्ली, 17 सितंबर। द्वारका जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 510 क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई DCP द्वारका श्री कुशल पाल सिंह, IPS के फ्लैगशिप प्रोजेक्ट “नशे पर लगाम, देश को सलाम!!” के तहत की गई। ACP ऑपरेशंस श्री सुभाष मलिक की देखरेख में इंस्पेक्टर कमलेश कुमार की टीम ने यह सफलता हासिल की।


4 सितंबर को टीम थाना छावला इलाके में गश्त पर थी। रोशनपुरा से BDO ऑफिस जाने वाली सड़क पर एक दुकान से संदिग्ध व्यक्ति को शराब बेचते देखा गया। कांस्टेबल परविंदर की मदद से उसे पकड़ा गया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान सतपाल (45 वर्ष), पुत्र मंगल सैन, निवासी न्यू रोशनपुरा, नजफगढ़ के रूप में हुई। पहले उसकी दुकान से बाल्टी में रखे 10 क्वार्टर बरामद हुए। सख्ती से पूछताछ पर उसने बताया कि बड़ा स्टॉक उसने पास के F-ब्लॉक की गली में एक खाली प्लॉट में छिपा रखा है। निशानदेही पर प्लॉट से 10 कार्टन (500 क्वार्टर) और बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हर्ष नाम के व्यक्ति से शराब लाकर स्थानीय लोगों को बेचता था। पुलिस अब सप्लायर हर्ष और पूरे नेटवर्क की तलाश कर रही है।

इस संबंध में FIR No. 363/26, धारा 33/38 दिल्ली आबकारी अधिनियम, थाना छावला में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *