मध्य जिले की AHTU की बड़ी कामयाबी, बिहार से दो नाबालिग लड़कियों को किया बरामद

नई दिल्ली। मध्य जिला की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने दो अलग-अलग अपहरण के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो नाबालिग लड़कियों को बिहार से सुरक्षित बरामद कर लिया है। दोनों मामले आनंद पर्वत और प्रसाद नगर थानों में दर्ज थे।

पुलिस उपायुक्त, मध्य जिला रोहित राजबीर सिंह, IPS ने बताया कि दोनों लड़कियों को दिल्ली वापस लाकर कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद संबंधित जांच अधिकारियों को सौंप दिया गया है। इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की जांच जारी है।

व्यापक तकनीकी जांच से मिली सफलता

पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों को सुलझाने के लिए AHTU की टीम ने व्यापक सीसीटीवी विश्लेषण, तकनीकी निगरानी, फील्ड वेरिफिकेशन और स्थानीय मुखबिर तंत्र का सहारा लिया। बिहार में स्थानीय पुलिस के सहयोग से अंतर-राज्यीय ऑपरेशन चलाकर यह बरामदगी की गई।

ऑपरेशन-1 : थाना आनंद पर्वत का मामला

FIR No. 181/2025, दिनांक 03.03.2025, धारा 137(2) BNS
आनंद पर्वत निवासी लगभग 16 वर्षीय नाबालिग के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। जांच के दौरान AHTU टीम ने दिल्ली-एनसीआर में करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और लगभग 60 शेल्टर होम/अनाथालयों, रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों और धार्मिक स्थलों पर तलाशी ली।

तकनीकी निगरानी में पीड़िता की लोकेशन मुजफ्फरपुर/सीतामढ़ी, बिहार में पाई गई। 17.08.2026 को टीम मुजफ्फरपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया।

ऑपरेशन-2 : थाना प्रसाद नगर का मामला

FIR No. 180/2026, दिनांक 12.06.2026, धारा 137(2) BNS
करोल बाग निवासी लगभग 16 वर्षीय नाबालिग के लापता होने पर प्रसाद नगर थाने में मामला दर्ज हुआ था। जांच के दौरान पीड़िता ने अपनी मां से संपर्क कर बताया था कि वह गुजरात में है और स्वतंत्र रूप से काम करना चाहती है।

तकनीकी जांच में उसके मोबाइल की लोकेशन पटना में मिली। 18.08.2026 को AHTU टीम पटना पहुंची, लेकिन तब तक लोकेशन रांची, झारखंड शिफ्ट हो गई। टीम ने 24 घंटे तक पटना में रुक कर लगातार फील्ड में पूछताछ की। बाद में लोकेशन वैशाली, बिहार में थाना राघोपुर क्षेत्र में मिली, जहां से स्थानीय पुलिस के सहयोग से दूसरी नाबालिग को भी बरामद कर लिया गया।

यह पूरा ऑपरेशन इंस्पेक्टर अनिल यादव, प्रभारी AHTU के नेतृत्व में SI राज बहादुर सिंह, HC सुरेंद्र और W/Ct. मनीषा की टीम ने ACP/DIU के निकट पर्यवेक्षण और DCP मध्य जिला के समग्र निर्देशन में अंजाम दिया।

पुलिस ने बताया कि बरामदगी के बाद दोनों नाबालिगों की काउंसलिंग की गई है और उनके बयानों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *