ऑपरेशन विस्टा में वांछित नाइजीरियाई ड्रग तस्कर एमडीएमए के साथ गिरफ्तार

सेंट्रल जिला एंटी-नारकोटिक्स सेल को मिली बड़ी कामयाबी

नई दिल्ली। मध्य जिले की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने ऑपरेशन विस्टा के तहत वांछित एक नाइजीरियाई नागरिक को 23.74 ग्राम हाई-क्वालिटी एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद ड्रग वाणिज्यिक मात्रा में है।

गिरफ्तार आरोपी:
चिडेरा जोनाथन (26 वर्ष), निवासी- तुगलकाबाद एक्सटेंशन, दिल्ली। मूल निवासी- सिटी-उली, अनाम्बरा स्टेट, नाइजीरिया।

रोहित राजवीर सिंह डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के अनुसार, 18 अगस्त को ASI सतवीर को सूचना मिली थी कि एक नाइजीरियाई युवक सेंट्रल जिले में ड्रग्स की सप्लाई करता है। SI पंकज कुमार द्वारा सूचना विकसित करने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सिविक सेंटर, गेट नंबर 4, कमला मार्केट के पास जाल बिछाया गया और आरोपी को पकड़ लिया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी अक्टूबर 2024 में मेडिकल अटेंडेंट वीजा पर भारत आया था। वीजा खत्म होने के बाद भी वह अवैध रूप से भारत में रह रहा था और बिना वैध वीजा के रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन विस्टा में वांछित था। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने रोजमर्रा के खर्चों के लिए तुगलकाबाद में रहने वाले प्रिंस नाम के एक अन्य नाइजीरियाई से ड्रग लेकर बेचता था।

पुलिस ने आरोपी के पास से 23.74 ग्राम एमडीएमए और दूसरे व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड सिम वाला एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

इस संबंध में थाना कमला मार्केट में FIR No. 263/26 19 अगस्त 2026, धारा 22 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी के दूतावास को भी सूचित किया जा रहा है।

यह कार्रवाई इंस्पेक्टर राहुल सिंह अधिकारी और ACP/ऑप्स/सेंट्रल के पर्यवेक्षण में SI मोनू चौहान, SI पंकज कुमार, ASI सुधीर, ASI सुनील, ASI सतवीर और अन्य स्टाफ द्वारा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *