नई दिल्ली, 18 सितंबर 2026
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गुजरात पुलिस के साथ मिलकर नशा-उगाही नेटवर्क का बड़ा भंडाफोड़ किया है।
2 किलो पाकिस्तानी हेरोइन बरामद, कीमत 12 करोड़
स्पेशल सेल (ईस्टर्न रेंज) और वडोदरा सिटी क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने गैंगस्टर रोहित गोदारा और महेंद्र डेलाना गैंग के मुख्य सदस्य कुलदीप स्वामी (31), निवासी चूरू, राजस्थान को गिरफ्तार किया है।
उसके पास से 2 किलो उच्च गुणवत्ता की पाकिस्तानी हेरोइन, एक स्विफ्ट डिजायर कार (DL 9CAM 4***) जिसमें गुप्त तहखाना बना था, और हवाला वेरिफिकेशन के लिए इस्तेमाल होने वाला करंसी नोट बरामद हुआ है।
वडोदरा में 10 करोड़ की रंगदारी के मामले में वांछित कुलदीप दिल्ली में पहली किस्त लेने आया था। एसीपी राहुल कुमार सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर राहुल कुमार, विनीत कुमार और अजीत सिंह की टीम ने 12 सितंबर को शाम 5:30 बजे चांदनी चौक, कूचा घासीराम के पास बीकानेर स्वीट्स के पास से उसे दबोचा।
पूछताछ में उसने बताया कि नशे की खेप जै विहार, नजफगढ़ में खड़ी उसकी कार की डिक्की में स्पेयर टायर के पास बने गुप्त कैविटी में छिपी है। पुलिस ने छापा मारकर 2 किलो हेरोइन बरामद की। इस पर FIR No. 212/2026, NDPS एक्ट की धारा 21/25 के तहत स्पेशल सेल थाने में केस दर्ज किया गया है।
गिरोह इंस्टाग्राम/टेलीग्राम पर कोड वर्ड, लाइव लोकेशन और करंसी नोट की फोटो भेजकर पहचान कंफर्म करता था। कुलदीप प्रति ट्रांजेक्शन 15 से 20 हजार रुपये लेकर दिल्ली-NCR और राजस्थान में 5 लाख से 50 लाख तक की उगाही वसूलता था।
5 सितंबर को महेंद्र डेलाना के कहने पर वह अमृतसर से 2 किलो हेरोइन लेकर दिल्ली आया था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले कृषि मंडी में कारोबार करता था, 50 लाख के घाटे के बाद कर्ज उतारने के लिए इंस्टाग्राम के जरिए महेंद्र डेलाना के संपर्क में आया।
महेंद्र डेलाना विदेश में बैठकर रोहित गोदारा के लिए दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और गुजरात में हत्या और फिरौती की वारदातों को अंजाम देता है।
आरोपी पुलिस हिरासत में है। आगे की जांच जारी है।