पहाड़गंज में अवैध कब्जा और अवैध पार्किंग पर ट्रैफिक पुलिस सख्त, टेंपो माफिया पर शिकंजा कसने की तैयारी : क्राइम हिलोरे न्यूज ग्रुप ने उठाया था स्थानीय लोगों की शिकायत पर मुद्दा, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दिया लिखित जवाब

नई दिल्ली, पहाड़गंज। राजधानी के व्यस्ततम इलाकों में से एक पहाड़गंज के देश बंधु गुप्ता रोड पर सड़क के दोनों ओर फुटपाथ और सड़क पर हो रहे अवैध कब्जे और अवैध पार्किंग को लेकर क्राइम हिलोरे न्यूज ग्रुप ने स्थानीय लोगों और व्यापारियों की शिकायत पर प्रमुखता से मुद्दा उठाया था।

खबर प्रकाशित होने के बाद दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक विंग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में पहाड़गंज ट्रैफिक सर्कल के ट्रैफिक इंस्पेक्टर (TI) की ओर से क्राइम हिलोरे न्यूज ग्रुप को आधिकारिक जवाब भी भेजा गया है।

ट्रैफिक पुलिस ने अपने जवाब में क्या कहा?

ट्रैफिक पुलिस ने अपने जवाब में कहा है कि –
“शिकायत में उल्लेखित मुद्दे को गंभीरता से लिया गया है। पहाड़गंज ट्रैफिक सर्कल के अधिकार क्षेत्र में गलत दिशा में चलने वाले तथा गलत तरीके से पार्क किए गए वाहनों के खिलाफ नियमित रूप से प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं।”

पुलिस के अनुसार चालू वर्ष में अब तक की कार्रवाई का ब्योरा इस प्रकार है –

  • 25,674 ई-चालान जारी किए गए
  • 134 अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाए गए
  • 22,694 VOCA (Violation of Carriage Act) चालान किए गए
  • 2750 वाहनों को हटाया / टो किया गया
  • 132 गलत दिशा (Wrong Side) में वाहन चलाने पर FIR दर्ज की गई
  • पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई स्टाफ की कड़ी निगरानी और निरंतर मॉनिटरिंग के जरिए की गई है।

टेंपो माफिया पर अब भी नहीं लग रहा लगाम

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्रवाई के बावजूद देश बंधु गुप्ता रोड पर टेंपो माफिया का कब्जा बरकरार है। सुबह से देर शाम तक सड़क के दोनों ओर टेंपो, ई-रिक्शा और मालवाहक वाहनों की अवैध पार्किंग के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। फुटपाथों पर भी दुकानों के सामान और वाहनों के कब्जे से पैदल चलने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इस पर ट्रैफिक पुलिस ने आश्वासन दिया है कि –
“अनुचित पार्किंग के खिलाफ निरंतर प्रवर्तन अभियान जारी है और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है। भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे। पहाड़गंज ट्रैफिक स्टाफ को शिकायत के बारे में अवगत करा दिया गया है और सर्कल क्षेत्र में गलत दिशा में पाए जाने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।”

पुलिस ने यह भी कहा कि पूरे PGC (पहाड़गंज सर्कल) क्षेत्र की नियमित निगरानी की जाएगी ताकि यातायात सुचारू रूप से चल सके और गलत दिशा में वाहन चलाने से होने वाली बाधा को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *