एटीएम में रबर-रिंग लगाकर कैश फंसाने वाले 2 शातिर गिरफ्तार, देसी कट्टा और 5 कारतूस बरामद

मध्य जिला की स्पेशल स्टाफ टीम ने एटीएम से ठगी करने के नए तरीके का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमन (22) निवासी एटा, यूपी और सूरज सिंह (28) निवासी आजमगढ़, यूपी के रूप में हुई है।

पुलिस ने इनके कब्जे से 1 देसी कट्टा, 5 जिंदा कारतूस और एक बजाज पल्सर N160 मोटरसाइकिल बरामद की है।

डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह, आईपीएस ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में एटीएम में रबर-रिंग लगाकर कैश ट्रैप करने की वारदातों का खुलासा किया है।
कैसे देते थे वारदात को अंजाम
आरोपी पहले हिताची कंपनी में कस्टोडियन का काम करते थे, जहां ये एक्सिस बैंक के एटीएम में कैश डालने और निकालने का काम सीखे थे। इसी दौरान इन्हें एटीएम मशीन की खामियों का पता चला।

इनका तरीका बेहद शातिर था –

  1. आरोपी कम भीड़ वाले समय में, खासकर शनिवार-रविवार को जब गार्ड नहीं होता, एटीएम को निशाना बनाते थे। 2. अपने पुराने साथी से ली गई चाबी से एटीएम मशीन खोलकर कैश निकलने वाली ट्रे में रबर-रिंग लगाकर रुकावट पैदा कर देते थे। 3. जब कोई ग्राहक पैसे निकालने आता था, तो ट्रांजेक्शन तो हो जाता था, लेकिन रबर के कारण नोट बाहर नहीं आ पाते थे और अंदर ही फंस जाते थे। 4. ग्राहक पैसे नहीं निकले समझकर चला जाता था, जिसके बाद आरोपी वापस आकर चाबी से मशीन खोलकर फंसा हुआ कैश निकाल लेते थे।
    आरोपियों ने गुरुग्राम के सेक्टर 4-5 स्थित एक्सिस बैंक और कापसहेड़ा दिल्ली के आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम में ऐसी कई वारदातें करना कबूल किया है। पूछताछ में 19-20 अन्य वारदातों का भी खुलासा हुआ है।
    ऐसे पकड़े गए
    15 सितंबर को स्पेशल स्टाफ को गुप्त सूचना मिली कि अमन और सूरज पल्सर बाइक पर मिर्दाद वाली गली, टैगोर रोड, सिविक सेंटर के पीछे आने वाले हैं।

सूचना पर इंस्पेक्टर संदीप यादव के नेतृत्व में एसआई विजय, एसआई सतीश, एसआई नरेश समेत टीम ने एमसीडी बिल्डिंग के पीछे रिलायंस बिल्डिंग के सामने जाल बिछाया।

रात करीब 11:20 बजे गांधी मार्केट की तरफ से आ रहे दोनों को रुकने का इशारा किया तो भागने लगे, लेकिन पीछा कर दबोच लिया गया। तलाशी में सूरज के पास से 1 कट्टा और 2 कारतूस और अमन के पास से 3 कारतूस मिले।

इस संबंध में थाना कमला मार्केट में एफआईआर नंबर 288/2026 आर्म्स एक्ट और गुरुग्राम सेक्टर-5 थाने में एफआईआर नंबर 212/2026 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। तीसरा साथी अभी फरार है।

पुलिस की एडवाइजरी
रोहित राजवीर सिंह डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ने जनता से अपील की है कि एटीएम से कैश न निकलने पर तुरंत यह न समझें कि ट्रांजेक्शन फेल हो गया है। अपने बैंक अकाउंट और मोबाइल पर आए SMS अलर्ट को जरूर चेक करें। अगर पैसा कट गया है और कैश नहीं मिला है, तो तुरंत बैंक और पुलिस को शिकायत दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *