नई दिल्ली, 19 सितंबर 2026
रोहिणी जिले के विजय विहार थाना पुलिस ने ऑपरेशन “मिलाप” के तहत सराहनीय कार्य करते हुए 14 वर्षीय लापता नाबालिग लड़की को महज 2 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया।
शशांक जयसवाल डीसीपी रोहिणी जिला के अनुसार, 14 सितंबर की रात करीब 10 बजे विजय विहार थाने में पीसीआर कॉल के जरिए एक नाबालिग के लापता होने की सूचना मिली। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी 14 वर्षीय बेटी बिना बताए घर से चली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना विजय विहार में FIR No. 503/26 धारा 137(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ACP रोहिणी श्री बृज मोहन मीणा के पर्यवेक्षण में और SHO विजय विहार इंस्पेक्टर मनोहर लाल के नेतृत्व में HC हरकेश मीणा और Ct रवि कांत की टीम गठित की गई।
टीम ने तत्परता दिखाते हुए इलाके में डोर-टू-डोर पूछताछ, दुकानदारों, ई-रिक्शा चालकों और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी निगरानी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर टीम ने लड़की को बुध विहार इलाके से ट्रेस कर लिया।
लड़की को सुरक्षित संरक्षण में लेकर कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
रोहिणी जिला पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए DCP रोहिणी शशांक जायसवाल ने कहा कि यह ऑपरेशन “मिलाप” के तहत बच्चों की सुरक्षा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।