मध्य जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन कवच के तहत बड़ी कार्रवाई की है। थाना हौज काजी की टीम ने 22 ग्राम स्मैक के साथ एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, एसएचओ इंस्पेक्टर अमरेंद्र कुमार सुमन के नेतृत्व में और एसीपी कमला मार्केट राजीव भारद्वाज के निर्देशन में टीम ने लोकल इंटेलिजेंस और फील्ड सर्विलांस के आधार पर कार्रवाई की।
26 सितंबर को सूचना मिली थी कि चितली कब्र निवासी असमा उर्फ नैना (33) सीता राम बाजार के चौरासी घंटा, गली टकसालियान इलाके में मौजूद है। टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे दबोच लिया। तलाशी में उसके कब्जे से 22 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी पुष्टि फील्ड टेस्टिंग किट से की गई।
आरोपी के खिलाफ थाना हौज काजी में FIR No. 408/26, धारा 21 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 500 रुपये प्रति पुड़िया के हिसाब से स्मैक बेचती थी और यह माल गाजीपुर, दिल्ली से लाई थी।
पुलिस अब सप्लायर और सोर्स का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।