मध्य जिला की प्रसाद नगर थाना पुलिस ने चार पूर्व आपराधिक मामलों में शामिल एक शातिर अपराधी को देसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान सूरज अहलावत (27 वर्ष), निवासी देव नगर, डीबीजी रोड, करोल बाग के रूप में हुई है। आरोपी रविदास मार्ग पर ई-रिक्शा चलाता है।
पुलिस को 25 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि एक अपराधी सीपीडब्ल्यूडी कंधार क्वार्टर्स, आर्य समाज रोड, करोल बाग में हथियार के साथ मौजूद है। सूचना पर इंस्पेक्टर सुभाष चंदर, एसएचओ प्रसाद नगर के नेतृत्व में एएसआई जोहरीलाल, एचसी विनीत, एचसी बलजीत, सिपाही कृष्ण और सिपाही अनुज की टीम गठित की गई। एसीपी करोल बाग आईपीएस शिवम के समग्र पर्यवेक्षण में टीम ने सुबह करीब 11:30 बजे आरोपी को दबोच लिया। उसके कब्जे से एक देसी पिस्टल बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे पिस्टल मौके पर पड़ी मिली थी, जिसे उसने उठाकर जेब में रख लिया था।
आरोपी के खिलाफ थाना प्रसाद नगर में एफआईआर नंबर 305/2026, धारा 25/54/59 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे माननीय न्यायालय में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पहले भी चार मामलों में शामिल रहा है, जिनमें आर्म्स एक्ट और चोरी के मामले शामिल हैं।